शेयर बाजार में कब लिस्ट होंगे वेदांता से अलग हुए कंपनियों के स्टॉक? जानिए मैनेजमेंट ने क्या कहा
वेदांता के शेयर डिमर्जर के बाद लगातार फोकस में बने हुए हैं। कंपनी के मैनेजमेंट ने संकेत दिया है कि उसकी अलग हुई कंपनियों की लिस्टिंग शेयर बाजार में कब होगी। जानिए डिटेल्स

Vedanta Demerger Companies Listing: वेदांता लिमिटेड के शेयर डिमर्जर के बाद लगातार फोकस में बने हुए हैं। कंपनी ने संकेत दिया है कि उसकी अलग हुई कंपनियों की लिस्टिंग की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है और जून के मध्य तक ट्रेडिंग शुरू हो सकती है।
कंपनी ने अपने चौथी तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों के साथ बातचीत में बताया कि अगले हफ्ते स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग मंजूरी के लिए आवेदन किया जाएगा।
डिमर्जर अंतिम चरण में - मैनेजमेंट
वेदांता रिसोर्सेज की सीईओ देशनी नायडू ने कहा कि अगले हफ्ते हम एक्सचेंज में फाइलिंग करेंगे। उम्मीद है कि जून के मध्य तक नई कंपनियों के शेयर लिस्ट होकर ट्रेडिंग शुरू हो जाए। Vedanta Resources की भारतीय इकाई वेदांता लिमिटेड लंबे समय से इस डिमर्जर प्रक्रिया पर काम कर रही थी।
चार नई कंपनियां होंगी लिस्ट
डिमर्जर के तहत वेदांता चार अलग-अलग कंपनियों को लिस्ट करने जा रही है- Vedanta Aluminium Metal Limited, Talwandi Sabo Power Ltd, Malco Energy Ltd और Vedanta Iron and Steel Limited कंपनी के मुताबिक मौजूदा शेयरधारकों को 1:1 रेश्यो में इन चारों कंपनियों के शेयर मिलेंगे।
नतीजों में रिकॉर्ड प्रदर्शन
मार्च तिमाही में वेदांता का प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट 89% बढ़कर 9,352 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
राजस्व भी 29% बढ़कर 51,524 करोड़ रुपये रहा, जो अब तक का सबसे ऊंचा है। EBITDA 59% बढ़कर 18,447 करोड़ रुपये रहा और मार्जिन 44% तक पहुंच गया।
कंपनी ने बताया कि रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड करीब 32% तक पहुंच गया है। वहीं, कैपेक्स से पहले फ्री कैश फ्लो 53% बढ़कर 11,930 करोड़ रुपये रहा।
कर्ज के मोर्चे पर भी सुधार दिखा और नेट डेट-टू-EBITDA रेशियो 0.95 गुना पर आ गया, जो पिछले 14 तिमाहियों में सबसे बेहतर स्तर है।

