मैरियट के होटल चलाने वाली कंपनी के शेयर में तेजी! 61% बढ़ी कमाई, मुनाफे में 171% का उछाल- चेक करें पूरी डिटेल
होटल सेक्टर की कंपनी वायसरॉय होटल्स लिमिटेड (Viceroy Hotels Limited) के शेयर में शुक्रवार को तेजी देखने को मिली। कंपनी ने Q2 FY27 और H1 FY27 के नतीजे जारी किए हैं।

हैदराबाद में मैरियट (Marriott) ब्रांड के तीन प्रीमियम होटल चलाने वाली कंपनी, वायसरॉय होटल्स लिमिटेड (Viceroy Hotels Limited) का शेयर निवेशकों के रडार पर है। शुक्रवार को कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में Q2 FY27 और H1 FY27 के वित्तीय नतीजों को जारी किया है।
सुबह 9:52 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 3.17% या 4.55 रुपये चढ़कर 148 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 2.50% या 3.58 रुपये की तेजी के साथ 146.80 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) और पहली छमाही (H1 FY27) के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 53.1 फीसदी बढ़कर ₹48.79 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹31.86 करोड़ थी। कंपनी का EBITDA भी 46.1 फीसदी बढ़कर ₹8.82 करोड़ से ₹12.89 करोड़ हो गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) 49.1 फीसदी घटकर ₹2.23 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹4.38 करोड़ था। कंपनी का EBITDA मार्जिन भी 28.64 फीसदी से घटकर 26.74 फीसदी रह गया, यानी इसमें 190 बेसिस पॉइंट की गिरावट आई। वहीं, PAT मार्जिन 14.23 फीसदी से घटकर 4.63 फीसदी पर आ गया, जो 960 बेसिस पॉइंट की कमी है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी की कुल आय 61.2 फीसदी बढ़कर ₹93.99 करोड़ पहुंच गई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह ₹58.31 करोड़ थी। EBITDA भी 80.9 फीसदी बढ़कर ₹13.64 करोड़ से ₹24.68 करोड़ हो गया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा 170.7 फीसदी बढ़कर ₹1.36 करोड़ से ₹3.68 करोड़ पहुंच गया। इसके अलावा EBITDA मार्जिन 24.29 फीसदी से बढ़कर 26.50 फीसदी हो गया, यानी 221 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ। वहीं, PAT मार्जिन भी 2.42 फीसदी से बढ़कर 3.95 फीसदी पहुंच गया, जिसमें 153 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस तरह पहली छमाही में कंपनी की आय, ऑपरेटिंग मुनाफे और मार्जिन में सुधार देखने को मिला, हालांकि दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफे पर दबाव रहा।
कंपनी के बारे में
वायसरॉय होटल्स लिमिटेड (Viceroy Hotels Limited) हैदराबाद में मैरियट (Marriott) ब्रांड के तीन प्रीमियम होटल संचालित करती है। इनमें Marriott Hyderabad, Courtyard by Marriott Hyderabad और Marriott Executive Apartments शामिल हैं। इन तीनों प्रॉपर्टीज में कुल 538 कमरे हैं।

