RBI की मंजूरी के बाद भी साउथ इंडियन बैंक के शेयरों में बड़ी गिरावट, 9% से ज्यादा टूटा भाव
बुधवार के कारोबार में इस बैंक के शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली। शेयर 9.42% टूटकर 43.23 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, साल 2026 में अब तक यह शेयर करीब 20% की बढ़त दर्ज कर चुका है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने महेश मुरलीधर पई की साउथ इंडियन बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इसके बावजूद बुधवार के कारोबार में बैंक के शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली। शेयर 9.42% टूटकर 43.23 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, साल 2026 में अब तक यह शेयर करीब 20% की बढ़त दर्ज कर चुका है।
16 जुलाई को कई अहम फैसलों पर होगी बोर्ड की बैठक
बैंक 16 जुलाई को जून तिमाही के नतीजे घोषित करेगा। इसी दिन बोर्ड की बैठक में महेश मुरलीधर पई की नियुक्ति को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इसके बाद कंपनी अधिनियम, 2013 और सेबी लिस्टिंग नियमों के तहत शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी।
बैंक ने कहा कि महेश मुरलीधर पई की एमडी और सीईओ के रूप में नियुक्ति का प्रस्ताव 16 जुलाई, 2026 की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद लागू नियमों के अनुसार शेयरधारकों की मंजूरी प्राप्त की जाएगी।
इसी बैठक में डेट सिक्योरिटीज जारी कर फंड जुटाने के प्रस्ताव और बैंक की वार्षिक आम बैठक (AGM) बुलाने को भी मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
ब्रोकरेज ने बताया बदलाव के नए दौर की शुरुआत
शेयर में तेज गिरावट ऐसे समय आई है, जब एक दिन पहले निर्मल बंग इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने कहा था कि बैंक अपने लंबे बदलाव के दौर के अहम मोड़ पर पहुंच चुका है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कॉरपोरेट एसेट क्वालिटी संकट के बाद करीब एक दशक तक बैलेंस शीट मजबूत करने का काम करने के बाद अब बैंक बेहतर स्थिति से विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ने अंडरराइटिंग मानकों को मजबूत किया है, जोखिम का बंटवारा बेहतर किया है, परिचालन क्षमता बढ़ाई है और रिटेल व एमएसएमई आधारित कारोबार पर ज्यादा फोकस किया है।
तीन दशक का बैंकिंग अनुभव साथ लाएंगे महेश पई
50 साल के महेश मुरलीधर पई के पास बैंकिंग क्षेत्र में करीब 30 साल का अनुभव है। उन्होंने गवर्नेंस, रणनीति, ट्रेजरी, विदेशी मुद्रा, रिटेल, कृषि और एमएसएमई क्रेडिट जैसे क्षेत्रों में काम किया है। फिलहाल वह केनरा बैंक में चीफ जनरल मैनेजर के तौर पर डिजिटल बैंकिंग और इनोवेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उन्होंने केनरा बैंक में गोल्ड लोन वर्टिकल की स्थापना समेत कई रणनीतिक पहलों का नेतृत्व किया है और बैंक के सबसे बड़े जोन में भी काम किया है। न्यूयॉर्क में केनरा बैंक के विदेशी परिचालन का अनुभव भी उनके पास है। इसके अलावा वह Canara Bank Tanzania Ltd, Karnataka State Financial Corporation और Canara Bank Securities Ltd में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
साउथ इंडियन बैंक ने कहा कि महेश पई अपनी रणनीतिक सोच, बेहतर क्रियान्वयन क्षमता, ईमानदार कार्यशैली और बैंकिंग व टेक्नोलॉजी क्षेत्र में मजबूत संबंधों के लिए जाने जाते हैं। बैंक के अनुसार, उनके पास यूनिवर्सल बैंकिंग के लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों का बोर्ड स्तर का अनुभव है।

