कर्जमुक्त बनने की दिशा में इस ज्वेलरी कंपनी का बड़ा कदम, 14 में से 2 बैंकों का चुकाया पूरा कर्ज - 5% उछला शेयर
कंपनी ने बीते मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने मौजूदा तिमाही में खुद को पूरी तरह कर्जमुक्त (Debt-Free) बनाने के लक्ष्य की दिशा में उसने एक बड़ा कदम उठाया है।

PC Jeweller Share Price: ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी, पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller Ltd) के शेयर में आज शानदार तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी का शेयर 4% से ज्यादा चढ़कर कारोबार कर रहा था। स्टॉक में इस तेजी की वजह कंपनी द्वारा दी गई एक बड़ी जानकारी है।
दरअसल कंपनी ने बीते मंगलवार को बाजार बंद होने के बाद अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने मौजूदा तिमाही में खुद को पूरी तरह कर्जमुक्त (Debt-Free) बनाने के लक्ष्य की दिशा में उसने एक बड़ा कदम उठाया है।
कंपनी ने 30 सितंबर 2024 को हुए सेटलमेंट एग्रीमेंट के तहत 14 बैंकों के कंसोर्टियम में शामिल 2 बैंकों का पूरा बकाया कर्ज सफलतापूर्वक चुका दिया है। कंपनी ने बताया कि यह उसके कारोबार को पटरी पर लाने (टर्नअराउंड) की यात्रा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। कंपनी का लक्ष्य इसी तिमाही में पूरी तरह कर्जमुक्त होना है और बाकी बैंकों के साथ भी सेटलमेंट प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
PC Jeweller Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 9:31 बजे तक एनएसई पर 4.68% या 0.44 रुपये चढ़कर 9.85 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर शेयर 4.67% या 0.44 रुपये चढ़कर 9.86 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
मजबूत Q1 बिजनेस अपडेट
कंपनी ने हाल ही में बताया था कि उसने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) में मजबूत कारोबार दर्ज किया है। इस दौरान कंपनी की कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर लगभग 21% बढ़ी है। स्टडेड (हीरे-जड़ित) ज्वेलरी सेगमेंट के प्रमुख ब्रांड्स में शामिल कंपनी ने कहा कि यह प्रदर्शन उसके कारोबार में चल रहे टर्नअराउंड की दिशा में लगातार हो रही प्रगति को दिखाता है।
Q4 में 61% बढ़ा था मुनाफा
PC Jeweller का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 61.3% बढ़कर 152.9 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 94.8 करोड़ रुपये था।
कंपनी की ऑपरेशंस से आय 32.7% बढ़कर 927.3 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 699 करोड़ रुपये थी। कंपनी के मुताबिक, घरेलू कारोबार से रेवेन्यू में करीब 33% की बढ़त हुई, जबकि प्रॉफिट बिफोर टैक्स लगभग 59% बढ़ा।

