scorecardresearch

मोबाइल रिचार्ज पर बढ़ेगा खर्च? 3 से 4 महीने में 15 फीसदी तक महंगे हो सकते हैं प्लान

मोबाइल रिचार्ज प्लान एक बार फिर महंगे होने की चर्चा में आ गए हैं। नई रिपोर्ट में निजी टेलीकॉम कंपनियों की तरफ से टैरिफ बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। अगर ऐसा हुआ, तो कॉल, इंटरनेट और रोजमर्रा के मोबाइल इस्तेमाल पर लोगों का खर्च पहले से ज्यादा हो सकता है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • अगले 3 से 4 महीने में मोबाइल रिचार्ज 12 से 15 प्रतिशत तक महंगा हो सकता है।
  • अभी किसी कंपनी ने इसका ऐलान नहीं किया है, यह बात एक रिपोर्ट के आधार पर कही गई है।
  • अगर रिचार्ज महंगा हुआ तो हर महीने मोबाइल चलाने का खर्च आम लोगों के लिए बढ़ जाएगा।

Mobile Bills May Rise: मोबाइल रिचार्ज अब हर घर के खर्च का जरूरी हिस्सा बन गया है। ज्यादातर लोग कॉलिंग, नेट, ऑनलाइन पेमेंट और रोज के कामों के लिए मोबाइल डेटा पर ही निर्भर हैं। ऐसे में अगर टेलीकॉम कंपनियां प्लान महंगे करती हैं, तो इसका असर सीधे आम यूजर्स की जेब पर पड़ेगा। अब सवाल है कि रिचार्ज प्लान कितने प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं?

advertisement

12 से 15 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं रिचार्ज

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रम इंस्टिट्यूशनल रिसर्च की क्यू1एफवाई27 टेलीकॉम और इंटरनेट सेक्टर रिपोर्ट में मोबाइल रिचार्ज महंगे होने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, अगले 3 से 4 महीनों में प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां अपने रिचार्ज प्लान 12 से 15 प्रतिशत तक महंगे कर सकती हैं।

हालांकि अभी तक किसी भी टेलीकॉम कंपनी ने इसे लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। यानी अभी यह रिपोर्ट के आधार पर कही गई बात है। अगर ऐसा होता है, तो हर महीने रिचार्ज कराने वाले लोगों का खर्च बढ़ सकता है।

अब सवाल है कि कंपनियों के लिए रिचार्ज महंगे करना आसान क्यों माना जा रहा है?

कम खिलाड़ियों वाला हो गया टेलीकॉम बाजार

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत का टेलीकॉम बाजार अब कुछ ही बड़ी कंपनियों के बीच रह गया है। प्राइवेट कंपनियों में रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया बड़े खिलाड़ी हैं, जबकि सरकारी कंपनी बीएसएनएल भी बाजार में मौजूद है।

कम कंपनियां होने की वजह से माना जा रहा है कि रिचार्ज प्लान महंगे करने की जगह पहले से ज्यादा बन गई है। यानी कंपनियां आने वाले महीनों में अपने प्लान महंगे करने का फैसला ले सकती हैं।

अब सवाल है कि रिचार्ज महंगे होने से कंपनियों की कमाई पर क्या असर पड़ेगा?

कंपनियों की कमाई बढ़ने का अनुमान

रिपोर्ट के मुताबिक, मोबाइल कंपनियों की हर यूजर से होने वाली औसत कमाई यानी एआरपीयू जून तिमाही में करीब 1 से 1.5 फीसदी तक बढ़ सकती है। इसकी वजह 2जी यूजर्स का 4जी और 5जी पर आना, पोस्टपेड यूजर्स बढ़ना और तिमाही में ज्यादा दिन होना बताया गया है।

रिपोर्ट में जियो और एयरटेल को नए यूजर्स जोड़ने में आगे रहने का अनुमान है। जियो करीब 70 लाख और एयरटेल करीब 50 लाख नए यूजर्स जोड़ सकती है। वहीं वोडाफोन आइडिया के करीब 2 लाख नए यूजर्स जुड़ने का अनुमान है।

अब सवाल है कि 5जी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कंपनियां क्या कर रही हैं?

5G नेटवर्क पर कंपनियों का जोर

जियो और एयरटेल देश के 90 फीसदी से ज्यादा जिलों में 5जी सर्विस पहुंचा चुकी हैं। अब दोनों कंपनियां 5जी डिवाइस, फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।

advertisement

वोडाफोन आइडिया भी करीब 100 शहरों में 5जी सर्विस शुरू कर चुकी है और धीरे-धीरे अपना नेटवर्क बढ़ा रही है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वोडाफोन आइडिया का एजीआर बकाया अभी की वैल्यू के हिसाब से घटकर करीब 25,000 करोड़ रुपये रह गया है। इससे कंपनी को कुछ राहत मिल सकती है।