मेटल सेक्टर की इस कंपनी ने शुरू किया नया एल्युमिनियम प्लांट! कमाई 2.5 गुना तक बढ़ने का दावा, शेयर में तेजी
इस मेटल कंपनी ने ओडिशा के संबलपुर में अपने नए एल्युमिनियम फॉयल प्लांट में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। कंपनी इस प्रोजेक्ट पर करीब ₹800 करोड़ निवेश कर रही है। सितंबर 2026 तक FRP प्लांट भी शुरू होगा। कंपनी का दावा है कि इससे मार्जिन और रेवेन्यू में बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

Metal Stock: मेटल सेक्टर की कंपनी, श्याम मेटलिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड (Shyam Metalics and Energy Ltd) ने आज अपने निवेशकों को लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है जिसके बाद यह शेयर हरे निशान पर कारोबार कर रहा है।
दोपहर 2:44 बजे तक स्टॉक एनएसई पर 0.63% या 6.50 रुपये चढ़कर 1,040.25 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 0.59% या 6.10 रुपये गिरकर 1040 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी ने दी ये बड़ी जानकारी
कंपनी ने आज अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि Shyam Metalics and Energy Ltd की स्टेप-डाउन सब्सिडियरी SMEL Steel Structural Pvt. Ltd. ने ओडिशा के संबलपुर में अपनी एल्युमिनियम फॉयल (Aluminium Foil) यूनिट में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू कर दिया है।
इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 18,000 टन (TPA) है और यहां 6 से 40 माइक्रॉन मोटाई वाली प्रीमियम एल्युमिनियम फॉयल बनाई जाएगी। कंपनी ने यह भी बताया कि उसका Aluminium Flat Rolled Products (FRP) प्लांट अंतिम चरण में है और सितंबर 2026 तक इसका कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है।
इस यूनिट की क्षमता 60,000 TPA होगी और यहां 0.3 से 4.0 मिमी मोटाई वाले उत्पाद बनाए जाएंगे। कंपनी इन दोनों एल्युमिनियम परियोजनाओं पर कुल करीब ₹800 करोड़ का निवेश कर रही है।
कंपनी का कहना है कि वैल्यू-एडेड एल्युमिनियम उत्पादों के कारोबार में यह विस्तार उसकी उत्पाद विविधीकरण रणनीति का अहम हिस्सा है। इससे देश में हाई क्वालिटी वाले एल्युमिनियम प्रोडक्ट की मांग पूरी करने, आयात पर निर्भरता घटाने और 'आत्मनिर्भर भारत' व 'मेक इन इंडिया' अभियान को मजबूती मिलेगी।
कंपनी के मुताबिक, इन दोनों प्लांटों के चालू होने से ऑपरेटिंग मार्जिन में 40% से 50% तक सुधार हो सकता है। साथ ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच बढ़ने से कंपनी की आय (Revenue) 2 से 2.5 गुना तक बढ़ने की संभावना है।
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर बृज भूषण अग्रवाल ने कहा कि संबलपुर प्लांट में एल्युमिनियम फॉयल का व्यावसायिक उत्पादन शुरू होना कंपनी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कंपनी विश्वस्तरीय डाउनस्ट्रीम एल्युमिनियम इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। हाई क्वालिटी वाले स्पेशल एल्युमिनियम प्रोडक्ट के जरिए कंपनी तेजी से बढ़ते उद्योगों की जरूरतों को पूरा करेगी, नए राजस्व स्रोत विकसित करेगी और ओडिशा में स्थानीय आर्थिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
कंपनी के बारे में
Shyam Metalics भारत की प्रमुख और तेजी से बढ़ती इंटीग्रेटेड मेटल कंपनियों में से एक है। कंपनी मुख्य रूप से स्टील, फेरो अलॉय, एल्युमिनियम और स्टेनलेस स्टील का उत्पादन करती है। इसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और मध्य प्रदेश में स्थित हैं। कंपनी की 2021 में शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई थी और वर्तमान में इसका मार्केट कैप ₹29,000 करोड़ से अधिक है। कंपनी की स्टील वैल्यू चेन में कुल 16.78 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) की स्थापित उत्पादन क्षमता है। इसके अलावा, कंपनी के पास 467 मेगावाट क्षमता वाले कैप्टिव पावर प्लांट भी हैं, जो उत्पादन के लिए बिजली उपलब्ध कराते हैं।

