330 बेड के नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ हेल्थकेयर कंपनी का बड़ा विस्तार, शेयर में दिखी तेजी
कंपनी ने बीते रविवार 2 अगस्त को अपने फाइलिंग में बताया कि उसने उत्तराखंड में अपनी मौजूदगी बढ़ाते हुए 'द मेडिसिटी हॉस्पिटल, रुद्रपुर' की शुरुआत की है। कंपनी ने बताया कि 330 बेड वाला यह मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कुमाऊं क्षेत्र का सबसे बड़ा अस्पताल है।

Hospital Stock: कारोबारी हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। इस बीच हॉस्पिटल सेक्टर की कंपनी, पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (Park Medi World Ltd) का शेयर निवेशकों के रडार पर है।
कंपनी ने बीते रविवार 2 अगस्त को अपने फाइलिंग में बताया कि उसने उत्तराखंड में अपनी मौजूदगी बढ़ाते हुए 'द मेडिसिटी हॉस्पिटल, रुद्रपुर' की शुरुआत की है। कंपनी ने बताया कि 330 बेड वाला यह मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कुमाऊं क्षेत्र का सबसे बड़ा अस्पताल है।
इसके साथ ही Park Group अब उत्तर भारत के छह राज्यों में अपनी सेवाएं दे रहा है। कंपनी का कहना है कि यह विस्तार उसकी लंबी अवधि की विकास रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत मजबूत क्षेत्रीय नेटवर्क, बेहतर रेफरल सिस्टम और टिकाऊ कारोबार बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है।
फाइलिंग से मिली जानकारी के मुताबिक नए अस्पताल में आधुनिक मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, कई विशेषज्ञ विभाग और देश के प्रमुख मेडिकल संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद है। अस्पताल में मरीजों को एविडेंस-बेस्ड इलाज, उन्नत तकनीक और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। कंपनी का मानना है कि इससे कुमाऊं और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं की मांग पूरी होगी और आने वाले वर्षों में ग्रुप की आय और मुनाफे में भी अच्छी बढ़ोतरी होगी।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अंकित गुप्ता ने कहा कि 'द मेडिसिटी हॉस्पिटल, रुद्रपुर' की शुरुआत कंपनी की आक्रामक विस्तार रणनीति में एक बड़ा कदम है। उनके अनुसार, इस अस्पताल के शुरू होने से Park Hospital ने पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लिए एक व्यापक और आधुनिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अत्याधुनिक मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं और अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम एक ही छत के नीचे उपलब्ध है।
Park Medi World Share Price
कंपनी का शेयर सुबह 9:33 बजे तक एनएसई पर 2.07% या 6.05 रुपये की तेजी के साथ 298.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर शेयर 1.67% या 4.90 रुपये चढ़कर 298.30 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

