शेयर बाजार में मचा हाहाकार! सेंसेक्स 1,040 अंक टूटा; निवेशकों के डूबे ₹7.60 लाख करोड़ - जानिए कारण
शेयर बाजार में हफ्ते की शुरुआत निवेशकों के लिए भारी नुकसान के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट देखने को मिली। कुछ ही मिनटों में निवेशकों की संपत्ति 7.60 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा घट गई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों समेत कई संकेतों ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों में निवेशकों के 7.60 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए। HDFC Bank, Bajaj Finance, Reliance और ICICI Bank समेत कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली।
सेंसेक्स 1,040 अंक से ज्यादा फिसला
बाजार खुलने के कुछ मिनटों बाद BSE सेंसेक्स 1,040 अंक से ज्यादा टूटकर 72,854 के स्तर पर आ गया। वहीं NSE निफ्टी 330 अंक से ज्यादा यानी 1.38 फीसदी की गिरावट के साथ 22,807 के स्तर तक पहुंच गया।
इस गिरावट का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। शुक्रवार को BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,83,25,067 करोड़ रुपये था, जो सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान घटकर 4,75,64,385 करोड़ रुपये रह गया। यानी कुछ ही मिनटों में निवेशकों की संपत्ति 7,60,682 करोड़ रुपये कम हो गई।
इन वजहों से गिरा बाजार
बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल को माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 3 फीसदी चढ़कर 107 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड करीब 95 डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
भारत तेल आयात पर निर्भर है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से देश का आयात बिल बढ़ सकता है और महंगाई का दबाव भी बढ़ सकता है। इसका असर निवेशकों के सेंटीमेंट पर पड़ा।
तेल की कीमतों में उछाल का संबंध अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव से भी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के शांति प्रस्ताव को फिर खारिज कर दिया। इससे होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने और पश्चिम एशिया में संघर्ष खत्म होने की उम्मीद कमजोर हुई और तेल की कीमतों में तेजी आई।
बाजार में दबाव बढ़ाने वाले अन्य संकेतों में India VIX, रुपया और विदेशी निवेशकों की बिकवाली भी शामिल रही। सोमवार को India VIX 14.50 फीसदी उछलकर 14.14 पर पहुंच गया। वहीं रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 20 पैसे कमजोर होकर 95.95 पर आ गया।
विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय बाजार से करीब 3,700 करोड़ रुपये निकाले थे। इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी कमजोरी रही। शुरुआती कारोबार में दक्षिण कोरिया का KOSPI करीब 2 फीसदी गिरा और जापान का Nikkei भी लाल निशान में रहा। Gift Nifty करीब 350 अंक नीचे था, जिससे घरेलू बाजार के लिए पहले ही कमजोर संकेत मिल रहे थे।

