IT Sector Outlook: पहली तिमाही में किन आईटी शेयरों से होगी कमाई? जानिए ब्रोकरेज की पसंदीदा स्टॉक्स की लिस्ट
भारतीय आईटी कंपनियों के लिए Q1FY27 चुनौतीपूर्ण रह सकता है। Equirus Securities के अनुसार, कमजोर वैश्विक मांग, AI से जुड़ी लागत और भू-राजनीतिक तनाव के कारण ग्रोथ पर दबाव रहेगा। जानिए किन आईटी शेयरों को ब्रोकरेज ने पसंद किया है और किन पर 'Reduce' रेटिंग दी है।

IT Stocks: भारतीय IT कंपनियों के लिए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही आसान नहीं रहने वाली है। बिजनेस टुडे ने अपनी रिपोर्ट में Equirus Securities के हवाले से बताया कि कमजोर ग्लोबल माहौल, भू-राजनीतिक तनाव और ग्राहकों की बढ़ती मांग की वजह से IT कंपनियों की कमाई की रफ्तार धीमी रह सकती है।
ग्राहक अब चाहते हैं कि AI से होने वाली बचत का फायदा उन्हें भी मिले। ऐसे में कंपनियां नए प्रोजेक्ट्स पर खर्च करने में अभी भी सावधानी बरत रही हैं।
बड़ी कंपनियों की ग्रोथ सीमित रहने का अनुमान
रिपोर्ट के मुताबिक, देश की छह बड़ी IT कंपनियों की डॉलर में आय पहली तिमाही में 1.7 फीसदी की गिरावट से लेकर 1.1 फीसदी की बढ़त के बीच रह सकती है। इस दौरान Wipro का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहने की उम्मीद है, जबकि Tech Mahindra सबसे बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
वहीं मिडकैप IT कंपनियों में Persistent Systems, Mphasis और eClerx के बेहतर नतीजे आने की संभावना है। इन कंपनियों की आय में तिमाही आधार पर 2.4 से 3.1 फीसदी तक बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है।
मार्जिन को मिल सकता है सहारा
Equirus का कहना है कि रुपये में कमजोरी, लागत पर बेहतर कंट्रोल और कामकाज में बढ़ी दक्षता की वजह से बड़ी IT कंपनियों का ऑपरेटिंग मार्जिन मजबूत रह सकता है। पहली तिमाही में रुपये की डॉलर के मुकाबले औसतन करीब 3 फीसदी कमजोरी भी कंपनियों के लिए फायदेमंद मानी गई है।
AI पर खर्च का तरीका बदल रहा है
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनियां AI पर अलग से बड़ा बजट बढ़ाने के बजाय लागत में कटौती, आउटसोर्सिंग और वेंडर कम करने जैसे उपायों से इसका खर्च निकालने की कोशिश करेंगी। इसलिए पहली तिमाही के बाद कंपनियां आगे की मांग और नए ऑर्डर को लेकर क्या कहती हैं, इस पर निवेशकों की नजर रहेगी।
किन शेयरों पर है ब्रोकरेज की पसंद?
Equirus ने बड़ी IT कंपनियों में Infosys और Tech Mahindra को अपनी पहली पसंद बताया है। मिडकैप में Mphasis और eClerx को पसंदीदा शेयरों में रखा गया है।
ब्रोकरेज ने Birlasoft, Coforge, Cyient, eClerx, Infosys, Mphasis, R Systems, TCS, Tech Mahindra और Zensar Technologies पर 'Long' रेटिंग दी है। वहीं KPIT Technologies, L&T Technology Services, LTIMindtree और Netweb Technologies पर 'Add' रेटिंग बरकरार रखी है। दूसरी ओर, HCLTech, Persistent Systems और Wipro पर 'Reduce' रेटिंग दी गई है।

