IPO Alert: Skechers, Ray-ban जैसे ग्लोबल ब्रांड्स चलाने वाली Gaurik Fashions ला रही आईपीओ, चेक करें डिटेल्स
इस आईपीओ में 62 लाख इक्विटी शेयर फ्रेश इश्यू के जरिए जारी किए जाएंगे, जबकि Aries Opportunities Fund 8 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेगा।

Upcoming IPO: फैशन और स्पोर्ट्सवियर रिटेल कंपनी गौरीक फैशन (Gaurik Fashions) ने आईपीओ लाने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने फंड जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया है।
इस आईपीओ में 62 लाख इक्विटी शेयर फ्रेश इश्यू के जरिए जारी किए जाएंगे, जबकि Aries Opportunities Fund 8 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेगा।
नए स्टोर्स और कर्ज चुकाने पर फोकस
कंपनी ने कहा कि आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल Skechers के नए स्टोर्स खोलने में किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Gaurik Lifestyle में निवेश करेगी, जिससे Guess ब्रांड के नए स्टोर्स शुरू किए जाएंगे।
इसके अलावा गौरीक फैशन अपनी सब्सिडियरी कंपनी Nuvora Retail में निवेश कर Bugatti ब्रांड के नए स्टोर्स और शुरुआती इन्वेंट्री पर खर्च करेगी। कंपनी इस रकम का एक हिस्सा कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए भी इस्तेमाल करेगी।
कंपनी के बारे में
2017 में शुरू हुई Gaurik Group भारत में फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड्स के रिटेल और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से जुड़ी कंपनी है। कंपनी Skechers, Guess, Bugatti, Sweaty Betty, Ray-Ban और Shrey जैसे बड़े ग्लोबल ब्रांड्स के स्टोर्स और डिस्ट्रीब्यूशन का काम करती है। इसके पास भारत के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 59 स्टोर्स हैं, जो DLF Mall of India, Select Citywalk और DLF CyberHub जैसे बड़े मॉल्स में मौजूद हैं। कंपनी फ्रेंचाइजी मॉडल पर कारोबार करती है और Bugatti व Sweaty Betty जैसे ब्रांड्स के लिए भारत में एक्सक्लूसिव डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स भी रखती है। Gaurik Group का फोकस प्रीमियम फैशन पसंद करने वाले ग्राहकों पर है और इसकी सबसे बड़ी ताकत बड़े इंटरनेशनल ब्रांड्स के साथ साझेदारी और अनुभवी मैनेजमेंट टीम मानी जाती है।
14 राज्यों में 59 स्टोर्स का नेटवर्क
कंपनी फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड्स के रिटेल और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार में सक्रिय है। मार्च 2026 तक उसके पास 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 59 स्टोर्स का नेटवर्क था।
कंपनी Skechers, Bugatti, Guess और Sweaty Betty जैसे ब्रांड्स के साथ काम करती है। इसके स्टोर्स नोएडा के DLF Mall of India, गुरुग्राम के DLF CyberHub, दिल्ली के Select Citywalk और हैदराबाद के Inorbit Mall जैसे हाई-फुटफॉल लोकेशंस पर मौजूद हैं।
EBITDA मार्जिन में सुधार
कंपनी के मुताबिक उसका EBITDA मार्जिन बढ़कर 26.14 प्रतिशत पहुंच गया है। 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार Skechers का औसत रेवेन्यू प्रति स्क्वायर फुट 16,157 रुपये रहा, जबकि औसत सेलिंग प्राइस 4,284 रुपये दर्ज हुआ।
Guess का औसत सेलिंग प्राइस 7,299 रुपये और औसत ऑर्डर वैल्यू 11,303 रुपये रही। वहीं Bugatti का औसत रेवेन्यू प्रति स्क्वायर फुट 46,636 रुपये रहा।
आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर Credora Partners और Unistone Capital हैं, जबकि रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी MAS Services को दी गई है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर लिस्ट होने का प्रस्ताव है।

