Eventions IPO का आज दूसरा दिन, ₹112-118 का प्राइस बैंड; जानिए पैसा लगाएं या नहीं
Eventions IPO का आज दूसरा दिन है और निवेशकों के पास 5 अक्टूबर तक बोली लगाने का मौका है। ₹112-118 के प्राइस बैंड वाले इस इश्यू पर ब्रोकरेज Lakshmishree ने सब्सक्राइब की राय दी है। कंपनी के रेवेन्यू, EBITDA और मुनाफे में FY24 से FY26 के बीच अच्छी बढ़ोतरी हुई है।

MICE और कॉरपोरेट इवेंट्स क्षेत्र की कंपनी Eventions Limited के आईपीओ का आज दूसरा दिन है। बीते बुधवार 30 सितंबर को यह इश्यू खुला था। इस ऑफर को निवेशक 5 अक्टूबर 2026 तक सब्सक्राइब कर सकेंगे। कंपनी IPO में 32.30 लाख इक्विटी शेयर जारी करेगी। इस आईपीओ का प्राइस बैंड 112 से 118 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।
ब्रोकरेज फर्म Lakshmishree ने इस आईपीओ को सब्सक्राइब करने की राय दी है। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि Eventions के आईपीओ के जरिए निवेशकों को भारत के तेजी से बढ़ते MICE (Meetings, Incentives, Conferences and Exhibitions) और कॉरपोरेट इवेंट्स कारोबार में निवेश का मौका मिल सकता है।
कंपनी एसेट-लाइट मॉडल पर काम करती है, जिसकी वजह से कारोबार बढ़ने के साथ ऑपरेटिंग मुनाफे में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। कंपनी का रेवेन्यू FY24 में ₹86.57 करोड़ था, जो FY26 में बढ़कर ₹99.74 करोड़ हो गया। इसी दौरान EBITDA ₹4.17 करोड़ से बढ़कर ₹10.24 करोड़ और PAT ₹3.67 करोड़ से बढ़कर ₹7.76 करोड़ पहुंच गया। EBITDA मार्जिन भी FY24 के 4.82% से बढ़कर FY26 में 10.27% हो गया है।
Eventions IPO: लॉट साइज
इस आईपीओ का लॉट साइज 1,200 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों को कम से कम दो लॉट के लिए आवेदन करना है। अपर प्राइस बैंड पर यह रकम 2.83 लाख रुपये होगी। Corporate Professionals Capital Pvt. Ltd. इस आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि Mudra RTA Ventures Private Limited रजिस्ट्रार है।
Eventions Limited के बारे में
Eventions Limited की शुरुआत 2020 में हुई थी। कंपनी MICE (Meetings, Incentives, Conferences और Exhibitions) और इवेंट मैनेजमेंट के कारोबार में है। यह कॉरपोरेट और संस्थागत ग्राहकों को इवेंट से जुड़ी कई तरह की सेवाएं एक साथ उपलब्ध कराती है।
कंपनी कॉरपोरेट इवेंट्स, कॉन्फ्रेंस, इंसेंटिव ट्रैवल प्रोग्राम, वर्चुअल इवेंट्स, Free Independent Travel (FIT) सेवाएं और ब्रांड एवं मार्केटिंग एक्टिवेशन का काम करती है। यानी किसी इवेंट की योजना बनाने से लेकर उसे पूरा करने तक की जिम्मेदारी संभालती है। इसमें वेन्यू की व्यवस्था, यात्रा और होटल बुकिंग, लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट और मौके पर इवेंट का संचालन शामिल है।
Eventions एसेट-लाइट B2B मॉडल पर काम करती है। इसका मतलब है कि कंपनी खुद बड़ी संख्या में एसेट रखने के बजाय हॉस्पिटैलिटी कंपनियों, डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियों, लॉजिस्टिक्स पार्टनर्स और इवेंट प्रोडक्शन वेंडर्स के साथ मिलकर काम करती है। कंपनी ने भारत के अलावा कई इंटरनेशनल डेस्टिनेशन पर इवेंट आयोजित किए हैं। इनमें स्पेन, फ्रांस, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, हंगरी, UAE, अजरबैजान, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे देश शामिल हैं।
कंपनी की सब्सिडियरी Gantu Online Private Limited B2C ट्रैवल बिजनेस पर फोकस करती है। यह ग्राहकों के लिए कस्टमाइज्ड ट्रैवल और यात्रा से जुड़ी विशेष सेवाएं उपलब्ध कराती है।
कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल में जाएगा पैसा
कंपनी IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने और कारोबार के अगले चरण के विस्तार में करेगी। इसमें 7 करोड़ रुपये कुछ कर्जों के भुगतान या प्रीपेमेंट पर खर्च होंगे। 1.40 करोड़ रुपये कंपनी की सब्सिडियरी में निवेश किए जाएंगे।
इसके अलावा 18.80 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए इस्तेमाल होंगे। कंपनी के मुताबिक, इससे बड़े असाइनमेंट्स को पूरा करने के लिए वित्तीय लचीलापन बढ़ेगा और ऑपरेशनल क्षमता मजबूत होगी।

