इस आईटी कंपनी को मिला सेनेगल का बड़ा डिजिटल प्रोजेक्ट, AI से Data Centre तक काम; 2% से ज्यादा चढ़ा शेयर
सेनेगल सरकार के साथ हुए एक बड़े MoU के बाद Blue Cloud Softech Solutions के शेयर में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। कंपनी इस साझेदारी के जरिए डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, AI, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करेगी।

आईटी कंपनी Blue Cloud Softech Solutions Limited (BCSSL) ने आज लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है जिसके बाद आज स्टॉक में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिल रही है। सुबह 9:27 बजे तक बीएसई पर कंपनी का शेयर 1.92% या 0.39 रुपये की तेजी के साथ 20.71 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 1.47% या 0.30 रुपये चढ़कर 20.65 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
कंपनी ने आज अपने फाइलिंग में बताया कि उसने सेनेगल के टेलीकम्युनिकेशन और डिजिटल अफेयर्स मंत्रालय और ग्लोबल काउंसिल फॉर इन्वेस्टमेंट एंड बिजनेस फॉर अफ्रीका (GCIB) के साथ एक MoU साइन किया है। इसका मकसद सेनेगल में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, इनोवेशन, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और नेशनल इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करना है।
यह सहयोग सेनेगल सरकार के New Deal Technologique कार्यक्रम के अनुसार होगा। इसके तहत Senegal Digital Factory, Data and AI Factory, AI Scaling Hub और Startup Ecosystem जैसे प्रमुख कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। यह समझौता अप्रैल 2026 में GCIB और BCSSL के बीच हुए Digital Factory initiative से जुड़े MoU को भी आगे बढ़ाता है।
समझौते के तहत दोनों पक्ष डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, ई-गवर्नेंस और इनोवेशन से जुड़ी जानकारी, तकनीकी विशेषज्ञता और बेहतर तरीकों को साझा करेंगे। डिजिटल प्रोडक्ट्स और सर्विसेज के विकास और उन्हें दूसरे बाजारों तक पहुंचाने में भी सहयोग किया जाएगा। इसके अलावा रिसर्च, पायलट प्रोजेक्ट, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, ट्रेनिंग प्रोग्राम और डिजिटल इनोवेशन के जरिए संस्थागत और मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने पर काम होगा।
इस सहयोग का एक बड़ा लक्ष्य सेनेगल में डिजिटल टैलेंट, उद्यमिता, निवेश, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है। इसके जरिए सेनेगल को पश्चिमी अफ्रीका और बड़े फ्रैंकोफोन अफ्रीकी क्षेत्र में इनोवेशन, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की कोशिश की जाएगी।
BCSSL के सीईओ डॉ. चंद्रशेखर मुद्रगनम ने कहा कि कंपनी सेनेगल के New Deal Technologique की महत्वाकांक्षी डिजिटल योजना के साथ काम करने को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा कि BCSSL आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते हुए सेनेगल के डिजिटल भविष्य के लिए स्किल्स, स्टार्टअप्स और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में सहयोग करना चाहती है।

