scorecardresearch

SpaceX से जुड़े 15 करोड़ डॉलर के प्रोग्राम में इस आईटी कंपनी की बड़ी कामयाबी, 2% से ज्यादा उछला स्टॉक

ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस ने स्पेसएक्स इंटरनेशनल के साथ 15 करोड़ डॉलर के कार्यक्रम में अहम प्रगति की जानकारी दी है। कंपनी ने काम शुरू होने के कुछ ही हफ्तों में तकनीकी ढांचा तैयार कर लिया और करीब 25 करोड़ रुपये का काम पूरा किया। जानिए इस कार्यक्रम में किन सेक्टरों की अहम भूमिका है।

Advertisement
AI Generated Image

1,864.62 करोड़ रुपये के मार्केट कैप स्मॉल कैप आईटी कंपनी, ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड (Blue Cloud Softech Solutions Limited) ने आज बाजार खुलने से ठीक पहले अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है। 

इस अपडेट के बाद कंपनी का शेयर आज सुबह 9:20 बजे तक 2.65% या 0.52 रुपये की तेजी के साथ 20.11 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 2.50% या 0.49 रुपये चढ़कर  20.10 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

advertisement

कंपनी ने आज दी बड़ी जानकारी

कंपनी ने आज अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने स्पेसएक्स इंटरनेशनल लिमिटेड, लाबुआन (SpaceX International Ltd, Labuan) के साथ 15 करोड़ डॉलर (150 मिलियन अमेरिकी डॉलर) के कार्यक्रम के तहत अच्छी शुरुआत की है। कंपनी ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत काम की डिलीवरी 24 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी।

इसके कुछ ही हफ्तों के अंदर कंपनी ने कार्यक्रम के आर्किटेक्चर यानी तकनीकी ढांचे को तैयार करने का काम पूरा कर लिया। इसके अलावा, 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में करीब 25 करोड़ रुपये का काम पूरा कर लिया गया है।

कंपनी के मुताबिक, अक्टूबर से दिसंबर 2026 की मौजूदा तिमाही के लिए भी काम तय योजना के अनुसार शुरू हो चुका है। इस तरह एक चरण का काम पूरा होने और अगले चरण की शुरुआत के बीच कोई अंतराल नहीं रहा।

यह कार्यक्रम वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़े तीन प्रमुख सेक्टरों- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर, साइबर सुरक्षा और टेलीकम्युनिकेशन (टेलीकॉम) से संबंधित है। कार्यक्रम की कुल वैल्यू 15 करोड़ डॉलर है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर से जुड़ा है। इस सेक्टर के लिए 10 करोड़ डॉलर (100 मिलियन अमेरिकी डॉलर) निर्धारित किए गए हैं, जो कुल कार्यक्रम का करीब दो-तिहाई हिस्सा है।

वहीं, साइबर सुरक्षा के लिए 2.5 करोड़ डॉलर (25 मिलियन अमेरिकी डॉलर) और टेलीकॉम सेक्टर के लिए भी 2.5 करोड़ डॉलर (25 मिलियन अमेरिकी डॉलर) तय किए गए हैं। दोनों सेक्टरों की हिस्सेदारी कुल कार्यक्रम में करीब 16.67-16.67 प्रतिशत है। इस तरह तीनों सेक्टरों की कुल वैल्यू 15 करोड़ डॉलर होती है।

ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड के ग्रुप चेयरमैन तेजेश कुमार कोडाली ने कहा कि कंपनी का काम करने का तरीका दिखाता है कि AI-first यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को प्राथमिकता देकर किसी बड़े कार्यक्रम को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि काम शुरू होने के कुछ ही हफ्तों के भीतर कंपनी ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर, साइबर सुरक्षा और टेलीकॉम से जुड़े कार्यक्रम का तकनीकी ढांचा तैयार कर लिया है। साथ ही, करीब 25 करोड़ रुपये का काम पूरा किया गया है और अगले चरण का काम भी तय तारीख पर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को कंपनी से यह उम्मीद करनी चाहिए कि वह जो वादा करे, उसे तय समय पर पूरा करे।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।