अपोलो माइक्रो सिस्टम्स की नई डिफेंस डील, ड्रोन और हथियार बनाने के लिए मिलाया हाथ - स्टॉक में हलचल
डिफेंस सेक्टर की कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स ने एक बड़ी रणनीतिक साझेदारी का ऐलान किया है। कंपनी ने ड्रोन और आधुनिक हथियारों के विकास के लिए नई डील की है।

डिफेंस सेक्टर की कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड (Apollo Micro Systems Limited) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में MoU के बारे में जानकारी दी है।
कंपनी ने फाइलिंग में बताया कि उसने हैदराबाद की रेडॉन सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड (Redon Systems Private Limited) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया है। कंपनी ने बताया कि यह डील रणनीतिक सहयोग के तहत किया गया है, जिसके जरिए दोनों कंपनियां भारतीय सेना और सरकारी जरूरतों के लिए टेथर्ड ड्रोन सिस्टम (Tethered Drone Systems), मल्टी-बैरल लॉइटरिंग म्यूनिशन सिस्टम और दूसरे एरियल प्लेटफॉर्म विकसित करने पर मिलकर काम करेंगी।
कंपनी ने बताया कि इस समझौते से ड्रोन और हवाई रक्षा प्रणालियों के क्षेत्र में उसका कारोबार बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। इस साझेदारी में अपोलो ग्रुप की कंपनियों की विस्फोटक सामग्री और एनर्जेटिक्स से जुड़ी विशेषज्ञता को अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के फ्यूज, सेफ्टी और आर्मिंग मैकेनिज्म तथा एवियोनिक्स तकनीक के अनुभव के साथ जोड़ा जाएगा।
अपोलो माइक्रो ने बताया कि इससे कंपनी भारतीय सशस्त्र बलों के लिए पूरी तरह स्वदेशी लॉइटरिंग म्यूनिशन और एरियल प्लेटफॉर्म सॉल्यूशन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर सकेगी। लॉइटरिंग म्यूनिशन ऐसे हथियार होते हैं, जो हवा में कुछ समय तक रहकर लक्ष्य की पहचान करने और उस पर हमला करने में सक्षम होते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस समझौते से मानवरहित हवाई युद्ध (Unmanned Aerial Warfare) के साथ-साथ खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी और टोही यानी ISR (Intelligence, Surveillance and Reconnaissance) से जुड़े क्षेत्रों में भी नए अवसर मिलेंगे।
Apollo Micro Systems Share Price
कंपनी का शेयर दोपहर 2:41 बजे तक एनएसई पर 1.93% या 8.85 रुपये गिरकर 449.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 1.80% या 8.25 रुपये फिसलकर 449.60 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
हाल ही में कंपनी ने दी थी ये जानकारी
हाल ही में कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसकी सहायक कंपनी अपोलो डिफेंस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (ADIPL) ने ए-थॉन ऑलटेरेन प्राइवेट लिमिटेड (A-Thon Allterrain Private Limited) में 26 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक Binding EOI पर साइन किया है।


