scorecardresearch

Anthropic IPO से Google और Amazon समेत इन कंपनियों को हुआ फायदा? जानिए किसकी कितनी बढ़ी दौलत

Claude चैटबॉट बनाने वाली AI कंपनी Anthropic ने रिकॉर्ड IPO के साथ अमेरिकी शेयर बाजार में एंट्री की है। पहले दिन कंपनी का शेयर 17 फीसदी चढ़ा, जिससे शुरुआती निवेशकों की हिस्सेदारी की कीमत अरबों डॉलर बढ़ गई।

Advertisement
AI Generated Image

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक और बड़ी कंपनी ने शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री की है। Claude चैटबॉट बनाने वाली Anthropic ने अमेरिकी शेयर बाजार में रिकॉर्ड IPO के जरिए इतिहास रच दिया है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को कंपनी के शेयर Nasdaq पर ANT सिंबल के साथ लिस्ट हुए। पहले ही दिन शेयर 17 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। इस लिस्टिंग से कंपनी में शुरुआती निवेश करने वाली कई बड़ी फर्मों की हिस्सेदारी की कीमत अरबों डॉलर बढ़ गई है।

advertisement

पहले दिन ही 17% चढ़ा शेयर

Anthropic का IPO प्राइस 83 डॉलर प्रति शेयर था। गुरुवार को शेयर 97.17 डॉलर पर बंद हुआ। इसके साथ कंपनी की मार्केट वैल्यू करीब 1.77 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई।

कंपनी के IPO ने कई बड़े निवेशकों को जबरदस्त फायदा पहुंचाया है। हालांकि, ये आंकड़े उनकी हिस्सेदारी की अनुमानित कीमत बताते हैं, न कि शेयर बेचकर हासिल किया गया मुनाफा।

किन निवेशकों की कितनी बढ़ी दौलत?

ब्लूमबर्ग के अनुमानों के मुताबिक, Anthropic में निवेश करने वाली Lightspeed Venture Partners की हिस्सेदारी IPO कीमत पर करीब 28 अरब डॉलर की थी। कंपनी ने Anthropic में 3.5 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश किया था।

Iconiq ने 6 अरब डॉलर से ज्यादा लगाए थे और उसकी हिस्सेदारी की अनुमानित कीमत 26 अरब डॉलर से अधिक पहुंच गई।

Menlo Ventures की हिस्सेदारी करीब 22 अरब डॉलर, Coatue Management की 16 अरब डॉलर और सिंगापुर के सरकारी निवेश फंड GIC की करीब 15 अरब डॉलर आंकी गई। वहीं, Spark Capital और Sound Ventures की हिस्सेदारी लगभग 11-11 अरब डॉलर की थी।

Google और Amazon की भी बड़ी हिस्सेदारी

Anthropic के सबसे बड़े निवेशकों में Amazon, Google और Microsoft शामिल हैं। IPO और 26 अरब डॉलर के प्राइवेट प्लेसमेंट के बाद Amazon के पास Anthropic की करीब 15 फीसदी और Google के पास लगभग 14 फीसदी हिस्सेदारी है। इन टेक कंपनियों ने Anthropic में निवेश के साथ उसके AI मॉडल और सेवाओं के लिए कारोबारी साझेदारियां भी की हैं।

Google के पूर्व CEO को भी बड़ा फायदा

Google के पूर्व CEO एरिक श्मिट ने 2021 में Anthropic में निवेश किया था। उस समय कंपनी की वैल्यूएशन महज 46.1 करोड़ डॉलर थी। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, IPO कीमत के आधार पर उनकी हिस्सेदारी की अनुमानित वैल्यू करीब 15 अरब डॉलर पहुंच गई। इस बीच Anthropic की प्रतिद्वंद्वी OpenAI के भी अगले साल शेयर बाजार में उतरने की उम्मीद जताई जा रही है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।