FD निवेशकों को होगी अब और आसानी! Zerodha Coin लाया एफडी में निवेश करना का नया फीचर
जेरोधा ने अपने Coin प्लेटफॉर्म पर FD सुविधा शुरू की है, जिससे निवेशक एक ही जगह पर अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरें तुलना कर सकते हैं और निवेश मैनेज कर सकते हैं। यह फीचर निवेश को आसान बनाता है और लो-रिस्क सेविंग्स के साथ बेहतर प्लानिंग का विकल्प देता है।

Fixed Deposit: भारत की ब्रोकिंग कंपनी Zerodha ने अपने निवेश प्लेटफॉर्म Coin पर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की सुविधा शुरू की है। इसका मकसद निवेशकों को एक ही जगह पर लो-रिस्क सेविंग्स और मार्केट-लिंक्ड निवेश मैनेज करने का आसान विकल्प देना है।
कंपनी के मुताबिक, FD निवेश अब तक बिखरा हुआ अनुभव रहा है जैसे- हर बैंक की अलग दरें, अलग प्रोसेस और मैच्योरिटी ट्रैक करना मुश्किल है। जेरोधा ने कहा कि इसी समस्या को हल करने के लिए Coin पर यह फीचर जोड़ा गया है।
एक प्लेटफॉर्म पर मिलेंगे कई निवेश ऑप्शन
Coin पहले से डायरेक्ट म्यूचुअल फंड, इंश्योरेंस और NPS जैसे लॉन्ग-टर्म निवेश के लिए जाना जाता है। अब FD जुड़ने से निवेशक इक्विटी, डेट और फिक्स्ड इनकम तीनों में एक ही प्लेटफॉर्म से पैसा लगा सकेंगे। यह बदलाव Zerodha को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ाकर एक 'फुल-स्टैक वेल्थ मैनेजमेंट' प्लेटफॉर्म की दिशा में ले जा रहा है।
ग्राहकों को क्या मिलेगा नया?
इस फीचर के जरिए निवेशक अलग-अलग बैंकों के FD रेट्स की तुलना कर सकते हैं, ऑनलाइन FD बुक कर सकते हैं और एक ही डैशबोर्ड पर अपनी निवेश राशि, ब्याज और मैच्योरिटी ट्रैक कर सकते हैं।
प्लेटफॉर्म पर स्मॉल फाइनेंस बैंकों के FD भी उपलब्ध होंगे, जो आमतौर पर ज्यादा ब्याज देते हैं—हालांकि इनमें जोखिम थोड़ा अधिक हो सकता है।
पूरी तरह है डिजिटल प्रोसेस
FD में निवेश के लिए आपको संबंधित बैंक के साथ एक बार KYC करना होगा, जिसमें PAN, आधार और नॉमिनी डिटेल्स शामिल हैं। खास बात यह है कि FD खोलने के लिए उस बैंक में सेविंग अकाउंट होना जरूरी नहीं है। इससे निवेश प्रक्रिया पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो जाती है।
डिजिटल FD प्लेटफॉर्म्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। Stable Money, smallcase, WintWealth और super.money जैसे प्लेयर्स पहले से इस स्पेस में मौजूद हैं।

