scorecardresearch

ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर दवा खरीदने तक UPI पहली पसंद, जानें डिजिटल पेमेंट को लेकर रिपोर्ट में क्या आया सामने

भारत में पेमेंट ऐप्स का इस्तेमाल अब सिर्फ पैसे भेजने तक सीमित नहीं रहा। लोग निवेश, बीमा और लोन जैसी सेवाओं के लिए भी इनका सहारा ले रहे हैं। Amazon Pay की नई रिपोर्ट में डिजिटल पेमेंट, लोगों के भरोसे और छोटे शहरों से जुड़े कई दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं।

Advertisement

In Short

  • शहरी भारत में हर 4 में से 3 लोग पेमेंट ऐप्स के जरिए निवेश, बीमा या क्रेडिट जैसी वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल कर चुके हैं।
  • रिपोर्ट के मुताबिक, 88% लोग डिजिटल क्रेडिट के बारे में जानते हैं, लेकिन सिर्फ 31% ने इसका इस्तेमाल किया है।
  • डिजिटल लोन के इस्तेमाल में टियर-2 शहर महानगरों से आगे निकले, जबकि 52% लोग एक ही ऐप पर सभी वित्तीय सेवाएं चाहते हैं।

भारत में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अब लोग पेमेंट ऐप्स का इस्तेमाल सिर्फ पैसे भेजने या बिल भरने के लिए नहीं, बल्कि निवेश, बीमा और लोन जैसी वित्तीय सेवाओं के लिए भी कर रहे हैं। Pahlé India Foundation और Amazon Pay की ओर से जारी How Urban India Pays Report 2026 में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शहरी भारत में हर चार में से तीन लोग पेमेंट ऐप के जरिए कम से कम एक वित्तीय सेवा का इस्तेमाल कर चुके हैं।

advertisement

यह रिपोर्ट 20 राज्यों के 100 शहरों में 5,149 ग्राहकों और 1,089 व्यापारियों के सर्वे पर आधारित है।

ऑनलाइन शॉपिंग से लेकर किराने तक UPI का दबदबा

रिपोर्ट के मुताबिक, खर्च की छह प्रमुख कैटेगरी में से पांच में UPI सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पेमेंट माध्यम है। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए 71% लोग UPI का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, बाहर खाने और यात्रा के लिए 54%, पेट्रोल और ट्रांसपोर्ट के लिए 53%, मेडिकल खर्च के लिए 53% और किराने की खरीदारी के लिए 49% लोग UPI इस्तेमाल करते हैं।

हालांकि, किराया चुकाने के मामले में नकद भुगतान अभी भी लोकप्रिय है। करीब 49% लोग किराया कैश में देते हैं।

एक ही ऐप पर चाहिए सभी वित्तीय सेवाएं

सर्वे में 52% लोगों ने कहा कि वे ऐसा एक ऐप चाहते हैं, जिसमें पेमेंट के साथ निवेश, बीमा और लोन की सुविधा भी मिले। वहीं, 33% लोग ऐसा ऐप इस्तेमाल करने पर विचार कर सकते हैं, अगर उसमें अलग-अलग वित्तीय ऐप्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों।

प्रतीकात्मक तस्वीर

डिजिटल लोन की जानकारी ज्यादा, इस्तेमाल कम

रिपोर्ट के मुताबिक, 88% लोग डिजिटल क्रेडिट के बारे में जानते हैं, लेकिन सिर्फ 31% ने इसका इस्तेमाल किया है।

लोगों ने पेमेंट ऐप्स को सुरक्षा के मामले में 5 में से 4.11 और पेमेंट सेवाओं के लिए 3.98 अंक दिए। वहीं, क्रेडिट सेवाओं को सिर्फ 3.10 अंक मिले।

करीब 51.5% लोगों ने कहा कि धोखाधड़ी से सुरक्षा की गारंटी मिलने पर वे पेमेंट ऐप से लोन लेने पर विचार करेंगे।

डिजिटल लोन में छोटे शहर आगे

डिजिटल क्रेडिट के इस्तेमाल में टियर-2 शहरों ने महानगरों को पीछे छोड़ दिया है। इन शहरों में BNPL का इस्तेमाल 60% और क्रेडिट एप्लिकेशन 41% दर्ज हुआ।

डिजिटल क्रेडिट इन्क्लूजन इंडेक्स में टियर-2 शहरों का स्कोर 58.64 रहा, जबकि टियर-1 का 53.10 और टियर-3 का 55.77 रहा।

त्योहारों पर बढ़ा खर्च, व्यापारियों को भी फायदा

रिपोर्ट के मुताबिक, 77% लोगों ने त्योहारों के दौरान सामान्य से कम से कम 50% ज्यादा खर्च किया।

वहीं, 80.6% व्यापारी डिजिटल पेमेंट अपनाने के लिए तैयार दिखे। डिजिटल पेमेंट अपनाने वाले 79.5% व्यापारियों ने कारोबार की दक्षता या बिक्री में फायदा बताया। हालांकि, डिजिटल पेमेंट से हिचकने वाले 72.1% व्यापारियों ने भुगतान की रकम मिलने में देरी को बड़ी चिंता बताया।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।