
Jio का आईडिया कैसे आया और कैसे हुई इसकी शुरुआत? ईशा अंबानी ने शेयर की स्टोरी
जियो प्लेटफॉर्म्स के ₹30,213 करोड़ के आईपीओ को लेकर निवेशकों की हलचल तेज हो गई है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश अंबानी ने कंपनी के 5G नेटवर्क, ग्राहकों और भविष्य की योजनाओं पर बड़े दावे किए. वहीं, ईशा अंबानी ने जियो की शुरुआत से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया. जानिए पूरी कहानी.

In Short
- जियो प्लेटफॉर्म्स का ₹30,213 करोड़ का आईपीओ, ₹1,119 प्रति शेयर का अपर प्राइस बैंड और ₹13,428 में एक लॉट.
- आकाश अंबानी का दावा, चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा 5G नेटवर्क जियो के पास, 53 करोड़ ग्राहक कर रहे भरोसा.
- ईशा अंबानी ने सुनाई 2011 की कहानी, बताया कैसे धीमे इंटरनेट की परेशानी से सामने आया जियो शुरू करने का आइडिया.
रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) के आईपीओ को लेकर निवेशकों में काफी उत्साह है. कंपनी के सीनियर अधिकारियों ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईपीओ और जियो के कारोबार से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा कीं. इस दौरान आकाश अंबानी ने कंपनी के 5G नेटवर्क और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बताया. वहीं, ईशा अंबानी ने जियो की शुरुआत से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया.
₹30,213 करोड़ का होगा जियो का IPO
जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रस्तावित आईपीओ करीब ₹30,213 करोड़ का है. कंपनी ने इसके लिए प्रति शेयर ₹1,119 का अपर प्राइस बैंड तय किया है. निवेशकों को कम से कम 12 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी. इस हिसाब से एक लॉट में निवेश के लिए ₹13,428 की जरूरत होगी.
कंपनी ने 14 अक्टूबर को आईपीओ का रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) दाखिल किया था. यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा. आईपीओ की घोषणा के बीच गुरुवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 3 फीसदी तक चढ़ गए.
कर्मचारियों को मिलेगी ₹54 प्रति शेयर की छूट
जियो के आईपीओ में पात्र कर्मचारियों को प्रति शेयर ₹54 की छूट मिलेगी. कंपनी ने कर्मचारियों के लिए अधिकतम ₹500 करोड़ के शेयर रिजर्व रखने का प्रावधान किया है.
वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए अधिकतम ₹2,500 करोड़ के शेयर रिजर्व किए गए हैं.
उदय कोटक ने बताया ऐतिहासिक पल
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में उदय कोटक ने रिलायंस की शुरुआत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जियो ने भारत में मोबाइल कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल दिया है. उनके मुताबिक, जियो का आईपीओ भारतीय शेयर बाजार के लिए एक ऐतिहासिक पल है.

आकाश अंबानी ने बताया जियो का बड़ा लक्ष्य
आकाश अंबानी ने कहा कि जियो ने भारत को डेटा की कमी वाले देश से डेटा की भरपूर उपलब्धता वाला देश बनाया है. उन्होंने दावा किया कि चीन के बाहर जियो दुनिया का सबसे बड़ा 5G नेटवर्क है.
उन्होंने बताया कि फिलहाल 53 करोड़ लोग जियो पर भरोसा करते हैं. कंपनी का EBITDA मार्जिन 53 फीसदी रहा है. आकाश ने कहा कि जियो का लक्ष्य विकसित भारत के सपने के साथ ग्राहकों को बेहतर कनेक्टिविटी और हाई क्वालिटी सर्विस देना है.
ईशा अंबानी ने सुनाई जियो की शुरुआत की कहानी
ईशा अंबानी ने बताया कि जियो का आइडिया साल 2011 में आया था. उस समय वह अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी में पढ़ रही थीं. छुट्टियों में भारत आने पर धीमे इंटरनेट की वजह से उन्हें कॉलेज असाइनमेंट सबमिट करने में परेशानी हुई.
इसी दौरान उनके भाई आकाश अंबानी ने डिजिटल कंपनी शुरू करने का आइडिया साझा किया था. ईशा ने कहा कि आज 2026 में जियो काफी बेहतर स्थिति में पहुंच चुकी है.

