scorecardresearch

20 की उम्र में निवेश और 40 में रिटायरमेंट! एक्सपर्ट का यह फॉर्मूला Gen Z को बना देगा करोड़पति

क्या हर महीने सिर्फ ₹10,000 का निवेश आपको करोड़पति बना सकता है? बिजनेस टुडे के शो में मार्केट एक्सपर्ट पंकज मठपाल ने कंपाउंडिंग की ताकत समझाई। उन्होंने बताया कि निवेश शुरू करने में कुछ साल की देरी आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। जानिए ₹1 करोड़ बनाने का पूरा गणित।

Advertisement

In Short

  • हर महीने ₹10,000 का निवेश कैसे बना सकता है ₹1 करोड़ का फंड? एक्सपर्ट ने समझाया पूरा गणित।
  • निवेश शुरू करने में 5 साल की देरी पड़ सकती है भारी, हर महीने लगानी पड़ सकती है दोगुनी रकम।
  • क्रिप्टो और ट्रेडिंग के मुकाबले लंबी अवधि के निवेश पर एक्सपर्ट ने क्यों दिया जोर?

आज की युवा पीढ़ी यानी Gen Z को हर चीज जल्दी चाहिए। क्विक कॉमर्स के दौर में सामान मिनटों में घर पहुंच जाता है, लेकिन क्या इसी रफ्तार से पैसा भी बढ़ सकता है? बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए ऑप्टिमा मनी मैनेजर्स के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर पंकज मठपाल ने कहा कि अगर आपको बड़ी दौलत बनानी है, तो धैर्य रखना होगा। निवेश में जल्दबाजी के बजाय लंबे समय तक पैसा लगाए रखना ही वेल्थ क्रिएशन का असली तरीका है।

advertisement

₹1 करोड़ बनाने के लिए कितना निवेश जरूरी?

मार्केट एक्सपर्ट ने कंपाउंडिंग की ताकत समझाते हुए एक उदाहरण दिया। अगर कोई निवेशक अगले 20 साल में ₹1 करोड़ का फंड बनाना चाहता है, तो उसे हर महीने ₹10,000 निवेश करने होंगे। इस उदाहरण में सालाना 12% कंपाउंड ग्रोथ रेट माना गया है।

लेकिन अगर यही निवेश पांच साल देर से शुरू किया जाए, तो ₹1 करोड़ का लक्ष्य हासिल करने के लिए हर महीने ₹20,000 लगाने होंगे। वहीं, निवेश की अवधि घटकर सिर्फ 10 साल रह जाए, तो मंथली निवेश करीब ₹40,000 तक पहुंच जाएगा।

एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेश शुरू करने में जितनी देरी होगी, उतना ही ज्यादा पैसा हर महीने लगाना पड़ेगा।

जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में हो सकता है नुकसान

एक्सपर्ट ने क्रिप्टो, इक्विटी, डेरिवेटिव्स और ट्रेडिंग का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें कम समय में बड़ा मुनाफा हो सकता है, लेकिन भारी नुकसान का खतरा भी रहता है।

उनका कहना है कि सट्टेबाजी और लंबे समय के निवेश में फर्क समझना जरूरी है। बाजार में तेजी से पैसा कमाने का रोमांच अलग बात है, जबकि लगातार निवेश करके बड़ी रकम बनाना अलग।

आज युवा निवेशक ज्यादा उतार-चढ़ाव वाले एसेट्स और सोशल मीडिया पर चलने वाले निवेश के ट्रेंड्स की ओर आकर्षित हो रहे हैं। लेकिन एक्सपर्ट के मुताबिक, सिर्फ रोमांच के भरोसे बड़ी दौलत नहीं बनाई जा सकती।

जोखिम लेना है तो कितना पैसा लगाएं?

एक्सपर्ट ने निवेशकों को जोखिम से पूरी तरह दूर रहने की सलाह नहीं दी। उनका कहना है कि अगर कोई निवेशक ज्यादा जोखिम वाले विकल्पों में पैसा लगाना चाहता है, तो अपनी बचत का करीब 5% से 10% हिस्सा ऐसे निवेश में लगा सकता है।

हालांकि, लंबी अवधि के लक्ष्यों के लिए बचत का बड़ा हिस्सा ऐसे निवेश विकल्पों में रखना चाहिए, जहां कंपाउंडिंग का फायदा मिल सके।

म्यूचुअल फंड और PPF क्यों हैं जरूरी?

एक्सपर्ट के मुताबिक, म्यूचुअल फंड और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) जैसे पारंपरिक निवेश विकल्प युवाओं को कम रोमांचक लग सकते हैं। लेकिन लंबे समय में पैसा बनाने के लिए यही साधारण तरीका फायदेमंद हो सकता है।

उनका साफ संदेश है कि निवेश जल्दी शुरू करें, लंबे समय तक जुड़े रहें और कंपाउंडिंग को अपना काम करने दें। क्योंकि बड़ी दौलत बनाने के लिए सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि समय और धैर्य भी जरूरी है।

advertisement

₹3,000 की SIP से कितने साल में बनेंगे करोड़पति?

अगर आप हर महीने ₹10,000 निवेश नहीं कर सकते, तो छोटी रकम से भी शुरुआत कर सकते हैं। SIP कैलकुलेटर के मुताबिक, अगर कोई निवेशक हर महीने ₹3,000 की SIP करता है और उसे सालाना 12% का अनुमानित रिटर्न मिलता है, तो 31 साल में उसके पास करीब ₹1.03 करोड़ का फंड जमा हो सकता है।

इस दौरान निवेशक अपनी जेब से कुल ₹11,16,000 लगाएगा, जबकि अनुमानित रिटर्न ₹92,74,369 होगा। इस तरह कुल फंड की वैल्यू ₹1,03,90,369 तक पहुंच सकती है। 

₹5,000 की SIP से कितने साल में बनेंगे करोड़पति?

वहीं, अगर कोई निवेशक हर महीने ₹5,000 की SIP शुरू करता है और उसे सालाना 12% का अनुमानित रिटर्न मिलता है, तो 27 साल में उसका फंड करीब ₹1.08 करोड़ तक पहुंच सकता है।

इस दौरान निवेशक कुल ₹16,20,000 निवेश करेगा, जबकि अनुमानित रिटर्न ₹91,91,565 होगा। इस तरह उसकी कुल रकम ₹1,08,11,565 हो सकती है।

यानी छोटी रकम से भी लंबे समय में बड़ा फंड बनाया जा सकता है। हालांकि, यहां 12% रिटर्न केवल अनुमान के आधार पर लिया गया है। बाजार में वास्तविक रिटर्न अलग हो सकता है और इसकी कोई गारंटी नहीं है।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।