SIP का कमाल! हर महीने ₹10,000 लगाकर कैसे बनाएं ₹1 करोड़?
हर महीने ₹10,000 की SIP से क्या आप करोड़पति बन सकते हैं? छोटी रकम से बड़ा फंड तैयार करने में निवेश का समय कितना जरूरी है? एक्सपर्ट ने आसान कैलकुलेशन से समझाया है कि 10 और 20 साल की SIP में कितना अंतर आ सकता है और कंपाउंडिंग कैसे काम करती है.

In Short
- ₹10,000 की मंथली SIP से 10 साल में करीब ₹23 लाख का फंड बन सकता है.
- ₹20,000 की SIP से 10 साल में करीब ₹46 लाख जमा हो सकते हैं.
- ₹10,000 की SIP को 20 साल तक जारी रखने पर करीब ₹1 करोड़ का फंड बन सकता है.
अगर आप हर महीने अपनी कमाई का कुछ हिस्सा बचाकर भविष्य के लिए बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो SIP आपके काम आ सकती है. अक्सर पहली बार निवेश करने वाले लोग हर महीने ₹10,000 से ₹15,000 की SIP शुरू करते हैं. लेकिन क्या इतनी रकम से भी बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है? आइए समझते हैं कि इसमें निवेश की रकम और समय कितना मायने रखता है.
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा से बातचीत करते हुए एक्सपर्ट श्वेता रजनी ने बताया कि इक्विटी में लंबी अवधि के दौरान आमतौर पर 11 से 13 फीसदी तक सालाना रिटर्न मिलने की संभावना रहती है. अगर हम 12 फीसदी सालाना रिटर्न मानकर चलें, तो हर महीने ₹10,000 की SIP से 10 साल में करीब ₹23 लाख का फंड तैयार हो सकता है.
इस दौरान आप अपनी जेब से कुल ₹12 लाख निवेश करेंगे. यानी ₹12 लाख के निवेश पर करीब ₹11 लाख का अनुमानित फायदा हो सकता है. हालांकि, यह कैलकुलेशन अनुमानित रिटर्न पर आधारित है.
₹20,000 की SIP से कितना बनेगा फंड?
अगर आप हर महीने ₹10,000 की जगह ₹20,000 निवेश करते हैं, तो 10 साल बाद आपका फंड करीब ₹46 लाख तक पहुंच सकता है. इस दौरान आपका कुल निवेश ₹24 लाख होगा. यानी SIP की रकम दोगुनी करने पर अनुमानित फंड भी करीब दोगुना हो सकता है.
इसलिए SIP शुरू करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आप हर महीने कितनी रकम आसानी से निवेश कर सकते हैं.
20 साल तक ₹10,000 की SIP करने पर क्या होगा?
अब सबसे दिलचस्प बात समझिए. अगर आप हर महीने सिर्फ ₹10,000 निवेश करते हैं, लेकिन SIP को 10 साल की जगह 20 साल तक जारी रखते हैं, तो आपका फंड करीब ₹1 करोड़ तक पहुंच सकता है.
इन 20 साल में आप कुल ₹24 लाख निवेश करेंगे. यानी निवेश की रकम 10 साल के मुकाबले सिर्फ दोगुनी होगी, लेकिन अनुमानित फंड करीब ₹23 लाख से बढ़कर ₹1 करोड़ हो सकता है.
कंपाउंडिंग से कैसे बढ़ता है आपका पैसा?
इस पूरे कैलकुलेशन के पीछे सबसे बड़ी वजह कंपाउंडिंग है. आसान भाषा में समझें तो जब आपके निवेश पर रिटर्न मिलता है और उस रिटर्न पर भी आगे कमाई होने लगती है, तो इसे कंपाउंडिंग कहते हैं.
यही वजह है कि लंबे समय तक SIP जारी रखने से बड़ा फंड बनाने में मदद मिल सकती है. हालांकि, इक्विटी मार्केट में रिटर्न की गारंटी नहीं होती और 12 फीसदी सालाना रिटर्न सिर्फ एक अनुमान है.
इसलिए SIP में सिर्फ हर महीने निवेश करना ही नहीं, बल्कि अपने फाइनेंशियल गोल के हिसाब से सही रकम तय करना और लंबे समय तक निवेश बनाए रखना भी जरूरी है.


