scorecardresearch

शेयर बाजार से अलग निवेश का विकल्प तलाश रहे हैं? प्राइवेट क्रेडिट में समझें रिटर्न और जोखिम

भारत में प्राइवेट क्रेडिट निवेश का एक उभरता हुआ विकल्प बन रहा है। घरेलू निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी के बीच इसमें रिटर्न कमाने के नए मौके बन रहे हैं। हालांकि, पैसा लगाने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद अहम है। जानिए निवेश को लेकर एक्सपर्ट की क्या सलाह है।

Advertisement

In Short

  • साल 2026 की पहली छमाही में प्राइवेट क्रेडिट मार्केट में घरेलू फंड्स की हिस्सेदारी 74 फीसदी रही।
  • प्राइवेट क्रेडिट में सबसे ज्यादा निवेश रियल एस्टेट सेक्टर में हुआ, जिसकी हिस्सेदारी 35 फीसदी रही।
  • एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेश से पहले पैसे की सुरक्षा, फंड मैनेजर के अनुभव और जोखिम का आकलन करना जरूरी है।

भारत में निवेश के नए विकल्पों की ओर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। शेयर बाजार और फिक्स्ड इनकम वाले विकल्पों के अलावा अब निवेशक प्राइवेट क्रेडिट में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसमें कंपनियों को कर्ज देकर रिटर्न कमाने का मौका मिलता है। हालांकि, ज्यादा रिटर्न का आकर्षण देखकर निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में निवेश से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है, आइए जानते हैं।

advertisement

प्राइवेट क्रेडिट में बढ़ी घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी

EY की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 की पहली छमाही में भारत के प्राइवेट क्रेडिट मार्केट में 3.5 अरब डॉलर का निवेश हुआ। इसमें घरेलू फंड्स की हिस्सेदारी 74 फीसदी रही। वहीं, एक साल के भीतर ग्लोबल फंड्स की हिस्सेदारी 68 फीसदी से घटकर 26 फीसदी रह गई। कुल डील वैल्यू में रियल एस्टेट की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा 35 फीसदी रही।

इस बढ़ते बाजार में हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNIs) और फैमिली ऑफिस के लिए निवेश के नए मौके बन रहे हैं। रियल एस्टेट प्राइवेट क्रेडिट पर काम करने वाली निवेश कंपनी आर्बर के फाउंडर चिराग मेहता के मुताबिक, निवेशकों को पैसा लगाने से पहले तीन अहम सवालों के जवाब तलाशने चाहिए।

1. कितना सुरक्षित है आपका पैसा?

मेहता के मुताबिक, निवेशकों को केवल गिरवी रखी गई संपत्ति की कीमत नहीं देखनी चाहिए। उन्हें यह भी समझना चाहिए कि कंपनी के कैश फ्लो पर किसका कंट्रोल है। एस्क्रो अकाउंट के जरिए पैसों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकती है। इसके अलावा कर्ज की शर्तें, वित्तीय संकट की स्थिति में किस निवेशक को पहले पैसा मिलेगा और निवेश से बाहर निकलने का रास्ता कितना आसान है, इसकी जानकारी भी जरूरी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

2. फंड मैनेजर कैसे रखता है निवेश पर नजर?

निवेश से पहले फंड मैनेजर की कर्ज देने से जुड़ी जांच-पड़ताल की क्षमता को समझना जरूरी है। मेहता के मुताबिक, फंड मैनेजर हर महीने बिक्री, प्रोजेक्ट की प्रगति के मुकाबले खर्च, जरूरी मंजूरियों और पैसों की वसूली पर कैसे नजर रखता है, यह देखना चाहिए। साथ ही यह भी जानना चाहिए कि उसने पहले कर्ज चुकाने में देरी, वित्तीय संकट और पैसे की रिकवरी जैसी मुश्किलों को कैसे संभाला है।

3. क्या आपके पोर्टफोलियो के लिए सही है प्राइवेट क्रेडिट?

प्राइवेट क्रेडिट में पैसा आमतौर पर क्लोज्ड एंडेड फंड्स के जरिए कई वर्षों के लिए निवेश किया जाता है। सेबी के अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड (AIF) नियमों के तहत सामान्य न्यूनतम निवेश राशि 1 करोड़ रुपये है। ऐसे में निवेशकों को अपनी पैसों की जरूरत, निवेश की अवधि और रियल एस्टेट में पहले से किए गए निवेश का आकलन करना चाहिए।

प्राइवेट क्रेडिट पोर्टफोलियो में विविधता लाने का विकल्प हो सकता है। हालांकि, निवेशकों को ज्यादा रिटर्न के बजाय कर्ज की गुणवत्ता, पैसा वापस मिलने की संभावना, फंड मैनेजर के अनुभव और जोखिम पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।