
फिनलैंड की अनोखी स्टार्टअप प्रतियोगिता में भारत की एंट्री, बर्फीले पानी में दिखाना होगा दम
फिनलैंड में स्टार्टअप्स के लिए एक ऐसी अनोखी प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जहां बिजनेस आइडिया के साथ हिम्मत की भी परीक्षा होती है। अब एक भारतीय स्टार्टअप को इस प्रतियोगिता के ग्लोबल फाइनल में हिस्सा लेने का मौका मिला है। जानिए क्या है इस प्रतियोगिता की खास बात।

In Short
- सूर्युदय प्लास्टिक इलेक्ट्रॉनिक्स ने पोलर बियर पिचिंग प्रतियोगिता के तीसरे इंडिया एडिशन में जीत हासिल की।
- फरवरी 2027 में फिनलैंड में होने वाले ग्लोबल फाइनल में बर्फीले पानी में खड़े होकर पेश करना होगा बिजनेस आइडिया।
- प्रतियोगिता में 10,000 यूरो तक की फंडिंग के साथ अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से जुड़ने का मौका मिलेगा।
दुनियाभर में स्टार्टअप्स अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने और निवेश जुटाने के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। आमतौर पर ऐसी प्रतियोगिताओं में स्टार्टअप फाउंडर्स किसी मंच पर अपने बिजनेस आइडिया पेश करते हैं, लेकिन फिनलैंड में इसके लिए एक अनोखी प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसमें बिजनेस आइडिया के साथ हिम्मत की भी परीक्षा होती है। अब इस प्रतियोगिता में एक भारतीय स्टार्टअप को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।
भारतीय स्टार्टअप ने जीती प्रतियोगिता
भारतीय स्टार्टअप सूर्युदय प्लास्टिक इलेक्ट्रॉनिक्स (Suryudey Plastic Electronics) ने पोलर बियर पिचिंग के तीसरे इंडिया एडिशन में जीत हासिल की है। स्टार्टअप का नेतृत्व डायरेक्टर यश सुरेश गोलिया कर रहे हैं। नई दिल्ली में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन बिजनेस फिनलैंड ने टी-हब और फिनलैंड के दूतावास के साथ मिलकर किया।
फरवरी 2027 में फिनलैंड जाएगा स्टार्टअप
इस जीत के बाद सूर्युदय प्लास्टिक इलेक्ट्रॉनिक्स फरवरी 2027 में फिनलैंड के ओउलू शहर में होने वाले ग्लोबल फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। यहां उसका मुकाबला दुनियाभर के स्टार्टअप्स से होगा। प्रतियोगिता में इंटरनेशनल एक्सपोजर के साथ 10,000 यूरो तक की फंडिंग हासिल करने का भी मौका मिलेगा।
बर्फीले पानी में देना होगा बिजनेस आइडिया
पोलर बियर पिचिंग की शुरुआत फिनलैंड के ओउलू शहर में हुई थी। यह प्रतियोगिता वहां की सर्दियों में तैराकी करने की परंपरा से प्रेरित है। इसमें स्टार्टअप फाउंडर्स को कमर तक बर्फ जैसे ठंडे पानी में खड़े होकर अपना बिजनेस आइडिया पेश करना होता है। इसके जरिए उनके बिजनेस प्लान के साथ दबाव में काम करने की क्षमता भी परखी जाती है।

छह भारतीय स्टार्टअप्स ने लिया हिस्सा
इस साल प्रतियोगिता के लिए छह भारतीय स्टार्टअप्स को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इनमें सूर्युदय प्लास्टिक इलेक्ट्रॉनिक्स के अलावा सर्ज एआई, मेंडीगो, वुमेनैस्टिक, लैटिट्यूड54 और ग्रीन पीएमयू सेमी शामिल थे। इनके बिजनेस आइडिया का आकलन टी-हब, कॉमन ग्राउंड, सर्कुलस फंड, स्ट्राइड एसेट मैनेजमेंट और नोकिया के प्रतिनिधियों वाली जूरी ने किया।
भारत और फिनलैंड के बीच बढ़ रहा सहयोग
भारत में फिनलैंड के राजदूत मिक्को किविकोस्की ने कहा कि दोनों देश इनोवेशन, नए बिजनेस और दुनियाभर में असर डालने वाले समाधान तैयार करने पर जोर दे रहे हैं। यह प्रतियोगिता दोनों देशों के स्टार्टअप्स के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाती है।
पहले भी भारतीय स्टार्टअप दिखा चुका है दम
पिछले इंडिया एडिशन के विजेता भारतीय स्टार्टअप विचारक (Vicharak) ने फरवरी 2026 में ओउलू में आयोजित ग्लोबल फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया था।
यूरोपीय बाजार में कारोबार बढ़ाने का मौका
आयोजकों के मुताबिक, इस प्रतियोगिता का मकसद भारतीय स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना, संभावित निवेशकों से जोड़ना और फिनलैंड समेत यूरोपीय बाजार में कारोबार बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है।


