
Coca-Cola ने भारत में लॉन्च की नई कोल्ड ड्रिंक, जानिए पुराने कोक से कितनी है अलग
कोल्ड ड्रिंक पीने के शौकीनों के लिए कोका-कोला ने भारतीय बाजार में एक नया प्रोडक्ट लॉन्च किया है। कंपनी की यह नई ड्रिंक पहले से मौजूद कोल्ड ड्रिंक्स से काफी अलग है। इसकी बिक्री भी शुरू हो चुकी है। जानिए इसकी खासियत, कीमत और आप इसे कहां से खरीद सकते हैं।

In Short
- Coca-Cola ने भारत में बिना शुगर और कैफीन वाली नई Zero Zero कोल्ड ड्रिंक लॉन्च की।
- जेप्टो पर दिल्ली-एनसीआर समेत चार प्रमुख शहरों में शुरू हुई बिक्री, जल्द पूरे देश में मिलेगी।
- नई कोका-कोला के 330 एमएल के कैन की कीमत 85 रुपये रखी गई है।
सॉफ्ट ड्रिंक पीने के शौकीन लोगों की पसंद अब धीरे-धीरे बदल रही है। कई लोग कोल्ड ड्रिंक का स्वाद तो चाहते हैं, लेकिन शुगर और कैफीन से दूरी बनाकर रखना पसंद करते हैं। ग्राहकों की इसी बदलती पसंद को देखते हुए बेवरेज कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स में बदलाव कर रही हैं। अब कोका-कोला ने भी भारतीय बाजार में एक नया प्रोडक्ट उतारा है। आइए जानते हैं कि इसमें क्या खास है, इसकी कीमत कितनी है और ग्राहक इसे कहां से खरीद सकते हैं।
कोका-कोला ने लॉन्च की Zero Zero
कोका-कोला ने भारत में अपनी नई सॉफ्ट ड्रिंक Coca-Cola Zero Zero लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो (Zepto) पर उपलब्ध कराया है। फिलहाल इसकी बिक्री देश के चार प्रमुख शहरों बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और दिल्ली-एनसीआर में शुरू हो गई है। जेप्टो के को-फाउंडर और सीईओ आदित पालिचा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है।
कितनी है कीमत?
रिपोर्ट के मुताबिक, जेप्टो पर कोका-कोला जीरो जीरो के 330 एमएल के कैन की कीमत 85 रुपये है। हालांकि, ग्राहकों को यह ड्रिंक मिलेगी या नहीं, यह उनके इलाके के पिन कोड, स्टोर में मौजूद स्टॉक और डिलीवरी स्लॉट पर निर्भर करेगा।
सामान्य कोका-कोला से कितनी अलग है?
कोका-कोला जीरो जीरो में न तो शुगर है और न ही कैफीन। इसे ऐसे ग्राहकों के लिए पेश किया गया है, जो कोका-कोला का जाना-पहचाना स्वाद चाहते हैं, लेकिन शुगर और कैफीन का सेवन नहीं करना चाहते। यह पहले से बाजार में मौजूद कोका-कोला जीरो शुगर से भी अलग है, क्योंकि जीरो शुगर में कैफीन होता है।

किन लोगों के लिए है नया प्रोडक्ट?
यह ड्रिंक खास तौर पर उन लोगों को पसंद आ सकती है, जो शाम या रात के समय कैफीन का सेवन करने से बचते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस ड्रिंक को बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और इसकी पूरी न्यूट्रिशनल प्रोफाइल की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
देशभर में कब शुरू होगी बिक्री?
जेप्टो पर कोका-कोला के कई प्रोडक्ट्स पहले से देश के अलग-अलग शहरों में उपलब्ध हैं। आदित पालिचा के मुताबिक, जल्द ही नई कोका-कोला जीरो जीरो की बिक्री भी पूरे भारत में शुरू की जाएगी। हालांकि, इसके लिए अभी कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई है।
कंपनी के लिए क्यों अहम है यह लॉन्च?
भारत में क्विक कॉमर्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। जेप्टो पहले से डाइट कोक और कोका-कोला जीरो शुगर जैसे प्रोडक्ट्स बेच रहा है। नए प्रोडक्ट के जरिए कोका-कोला कैफीन वाली ड्रिंक्स से दूरी बनाने वाले ग्राहकों तक पहुंच बढ़ा सकती है। वहीं, जेप्टो पर ग्राहकों को सॉफ्ट ड्रिंक का एक और विकल्प मिलेगा।


