घर खरीदने के लिए ऑनलाइन सर्च कर रहे हैं प्रॉपर्टी? इन 5 बातों से होगी असली पहचान
घर खरीदते समय सिर्फ कीमत, लोकेशन और होम लोन की EMI पर ध्यान देना काफी नहीं है। बिजली-पानी और मेंटेनेंस का खर्च भी आपके बजट पर असर डालता है। एक्सपर्ट ने बताया है कि ऑनलाइन प्रॉपर्टी तलाशते समय किन पांच जरूरी बातों की पड़ताल करनी चाहिए।

घर खरीदते समय ज्यादातर लोग लोकेशन, कीमत, लेआउट, सुविधाओं और होम लोन की EMI पर ध्यान देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस घर को आप खरीदने जा रहे हैं, उसमें बिजली और पानी की कितनी खपत होगी? गर्मियों में घर कितना ठंडा रहेगा और अगले 10 साल में बिजली बिल का कितना बोझ आपकी जेब पर पड़ेगा?
आजकल प्रॉपर्टी वेबसाइट्स और बिल्डर्स के ब्रोशर में 'ग्रीन लिविंग' और 'इको-फ्रेंडली होम' जैसे शब्द खूब देखने को मिलते हैं। लेकिन सिर्फ इन दावों के आधार पर घर खरीदने का फैसला नहीं करना चाहिए। BASIC Home Loan के सीईओ और को-फाउंडर अतुल मोंगा ने बताया है कि ऑनलाइन प्रॉपर्टी तलाशते समय आपको किन बातों का खास ध्यान रखना चाहिए।
1. ग्रीन सर्टिफिकेशन की करें जांच
एक्सपर्ट अतुल मोंगा ने बताया कि ऑनलाइन प्रॉपर्टी तलाशते समय सबसे पहले देखें कि संबंधित प्रोजेक्ट को किसी मान्यता प्राप्त संस्था से ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन मिला है या नहीं। उदाहरण के लिए, किसी प्रोजेक्ट को IGBC से प्री-सर्टिफिकेशन या फाइनल रेटिंग मिल सकती है।
इस सर्टिफिकेशन में पानी की बचत, एनर्जी एफिशिएंसी, घर के अंदर का वातावरण, पर्यावरण के अनुकूल निर्माण सामग्री और कचरा प्रबंधन जैसे मानकों का आकलन किया जाता है। केवल ब्रोशर में इन सुविधाओं का जिक्र होना पर्याप्त नहीं है। बिल्डर से सर्टिफिकेशन के दस्तावेज मांगें। कुछ पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं होने से पूरा प्रोजेक्ट ग्रीन नहीं बन जाता है।
2. बिजली की खपत कम करने वाली सुविधाएं देखें
ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) की इंडिया एनर्जी सिनेरियो रिपोर्ट 2024-25 के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में देश के आवासीय क्षेत्र में 408.5 अरब यूनिट बिजली की खपत हुई थी। यह देश की कुल बिजली खपत का करीब 25 फीसदी है।
बेहतर डिजाइन वाले घर में प्राकृतिक रोशनी और हवा आने की पर्याप्त व्यवस्था होती है। पूर्व दिशा की ओर खुलने वाले घर और क्रॉस वेंटिलेशन गर्मी से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा दीवारों में हीट इंसुलेशन, ऊर्जा की कम खपत करने वाले उपकरण और LED लाइटिंग जैसी सुविधाओं की भी जानकारी लें। इससे बिजली बिल कम करने में मदद मिल सकती है।
3. समझें कि सुविधाओं से वास्तव में कितनी होगी बचत
एक्सपर्ट अतुल मोंगा ने बताया कि कई रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर पैनल, स्मार्ट मीटर और इस्तेमाल किए गए पानी को दोबारा उपयोग के लायक बनाने की सुविधाओं का दावा किया जाता है।
घर खरीदारों को यह पता करना चाहिए कि इन सुविधाओं का लाभ प्रत्येक फ्लैट को मिलेगा या सिर्फ सोसाइटी के कॉमन एरिया को। इसके अलावा पानी की सप्लाई का स्रोत क्या है और इन सुविधाओं के रखरखाव की व्यवस्था कैसी है, इसकी जानकारी भी जरूरी है।
4. सिर्फ घर की कीमत नहीं, रहने का खर्च भी देखें
दो घरों की कीमत और सुविधाएं लगभग एक जैसी हो सकती हैं, लेकिन उनमें रहने का मासिक खर्च अलग-अलग हो सकता है। सोसाइटी मेंटेनेंस चार्ज, बिजली बिल, पानी का खर्च और उपकरणों के रखरखाव का असर सीधे आपके घरेलू बजट पर पड़ता है।
अगर आप किसी तैयार प्रोजेक्ट में घर खरीद रहे हैं तो वहां पहले से रह रहे लोगों से बात करें। उनसे बिजली बिल, पानी की उपलब्धता, मेंटेनेंस चार्ज और बिल्डर की ओर से वादा की गई सुविधाओं के बारे में जानकारी लें। इससे छिपे हुए खर्चों का भी अंदाजा लगाया जा सकता है।
5. निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में बिल्डर के दावों की करें पड़ताल
अतुल मोंगा ने बताया कि ऑनलाइन प्रॉपर्टी लिस्टिंग में हमेशा पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होती है। ऐसे में प्रोजेक्ट के सर्टिफिकेशन, निर्माण से जुड़े दस्तावेज और बिजली-पानी की खपत से संबंधित जानकारी जुटाएं।
अगर प्रोजेक्ट निर्माणाधीन है तो पता करें कि कौन-सी सुविधाएं तैयार हो चुकी हैं, किन पर काम चल रहा है और कौन-सी सुविधाएं अभी सिर्फ योजना का हिस्सा हैं। होम लोन की EMI तय करते समय पजेशन मिलने के बाद होने वाले खर्चों को भी अपने बजट में शामिल करें।


