scorecardresearch

हर साल 6% बढ़े सैलरी और मिले 45 दिन की Paternity लीव, कर्मचारियों ने रखीं 73 मांगें

8वें वेतन आयोग के सामने केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और सुविधाओं में बदलाव को लेकर कई अहम प्रस्ताव रखे गए हैं। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ ने सालाना वेतन वृद्धि दोगुनी करने के साथ पेंशन, प्रमोशन और छुट्टियों से जुड़े नियमों में बदलाव की मांग की है। जानें क्या हैं प्रस्ताव।

Advertisement

In Short

  • सालाना वेतन वृद्धि 3 फीसदी से बढ़ाकर 6 फीसदी करने की मांग
  • पुरानी पेंशन योजना की बहाली और 50 फीसदी DA मर्जर का प्रस्ताव
  • पितृत्व अवकाश बढ़ाकर 45 दिन और 15 लाख रुपये बीमा कवर की मांग

8वें वेतन आयोग के सामने केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन, प्रमोशन और अन्य सुविधाओं में बदलाव को लेकर कई मांगें रखी गई हैं। रक्षा कर्मचारियों के राष्ट्रीय संगठन भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने वेतन आयोग को 73 प्रस्ताव सौंपे हैं। संगठन ने 18 नवंबर को आयोग के साथ दूसरे दौर की बैठक के दौरान अपना ज्ञापन सौंपा। इसमें सालाना वेतन वृद्धि दोगुनी करने से लेकर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तक की मांग शामिल है।

advertisement

हर साल 6 फीसदी बढ़े सैलरी

कर्मचारी संगठन ने सालाना वेतन वृद्धि की दर बेसिक सैलरी के 3 फीसदी से बढ़ाकर 6 फीसदी करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इससे कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई और जीवनयापन के खर्चों से निपटने में मदद मिलेगी। इसके अलावा नई वेतन संरचना तय करने से पहले 50 फीसदी महंगाई भत्ते को बेसिक सैलरी और पेंशन में मिलाने का प्रस्ताव भी दिया गया है।

पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग

संगठन ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम और यूनिफाइड पेंशन स्कीम को बंद कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की है। साथ ही 1 जनवरी से पहले और बाद में रिटायर होने वाले कर्मचारियों की पेंशन में समान संशोधन की मांग रखी गई है।

न्यूनतम वेतन तय करने के लिए परिवार की जरूरतों, भारतीय श्रम सम्मेलन के मानकों, एक्रॉयड फॉर्मूले और मौजूदा बाजार कीमतों को आधार बनाने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा उचित फिटमेंट फैक्टर और न्यूनतम व अधिकतम वेतन के बीच 1:10 का अनुपात रखने की मांग की गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

45 दिन की मिले पितृत्व छुट्टी

संगठन ने पितृत्व अवकाश बढ़ाकर 45 दिन करने की मांग की है। बच्चे को गोद लेने वाले कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा सालाना कैजुअल लीव बढ़ाकर 12 दिन करने, कुछ शर्तों के साथ पूरी सैलरी पर दो साल तक चाइल्ड केयर लीव और महिला कर्मचारियों को हर महीने एक दिन की पीरियड लीव देने की मांग की गई है।

15 लाख रुपये का मिले बीमा कवर

केंद्रीय कर्मचारी समूह बीमा योजना (CGEGIS) के तहत बीमा कवर 30 हजार रुपये से बढ़ाकर कम से कम 15 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस का लाभ बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की भी मांग की गई है।

इसके अलावा बच्चों की पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई के लिए शिक्षा भत्ता, बेहतर मेडिकल सुविधाएं और जोखिम भरे काम करने वाले कर्मचारियों को हर महीने 10 हजार रुपये तक का रिस्क अलाउंस देने का सुझाव दिया गया है।

advertisement

30 साल की नौकरी में पांच बार बढ़े वेतन स्तर

संगठन ने मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (MACP) योजना के तहत 30 साल की नौकरी में कम से कम पांच बार वित्तीय अपग्रेडेशन देने की मांग की है। साथ ही खाली पदों के बजाय सेवाकाल, योग्यता, क्षमता और अनुभव के आधार पर प्रमोशन देने का प्रस्ताव रखा गया है।

फिलहाल ये सभी कर्मचारी संगठन की मांगें हैं, वेतन आयोग के अंतिम फैसले नहीं हैं।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।