scorecardresearch

NPS Tatkal Scheme: रोज ₹10 बचाकर तैयार करें पेंशन फंड! कम कमाई वालों के लिए आ रही नई सुविधा

रिटायरमेंट के बाद पैसों की चिंता हर किसी को होती है, लेकिन कम कमाई में बचत करना आसान नहीं है। अब पेंशन से जुड़ी एक नई पहल ऐसे लोगों के लिए राहत ला सकती है। इसमें खाता खोलना और पैसे जमा करना बेहद आसान होगा। जानिए इसके फायदे और जरूरी शर्तें।

Advertisement

In Short

  • NPS Tatkal के तहत रोजाना सिर्फ ₹10 जमा करके रिटायरमेंट के लिए बचत कर सकेंगे।
  • बैंक के KYC रिकॉर्ड से महज तीन क्लिक में NPS खाता खोलने की सुविधा मिलेगी।
  • PFRDA का लक्ष्य अगले 2 से 3 साल में 4 से 5 करोड़ नए ग्राहकों को NPS से जोड़ना है।

रिटायरमेंट के लिए पैसे बचाना अब आसान हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जिनकी हर महीने कमाई एक जैसी नहीं होती। गिग वर्कर्स, डिलीवरी पार्टनर्स, कैब ड्राइवर और फ्रीलांसर जैसे लोगों को पेंशन से जोड़ने के लिए पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी नई डिजिटल सुविधा लाने की तैयारी कर रही है। NPS Tatkal के जरिए लोग UPI से रोजाना सिर्फ 10 रुपये भी अपने पेंशन खाते में जमा कर सकेंगे।

advertisement

PFRDA के चेयरमैन एस रमन ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में इस पहल की जानकारी दी। इसका मकसद कम आमदनी वाले लोगों के लिए रिटायरमेंट की बचत आसान बनाना है।

सिर्फ तीन क्लिक में खुलेगा NPS खाता

NPS Tatkal के तहत पेंशन खाता खोलने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। बैंक के पास पहले से मौजूद KYC रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे ग्राहकों को बार-बार अपनी जानकारी नहीं भरनी पड़ेगी।

PFRDA के मुताबिक, खाता खोलने की पूरी प्रक्रिया करीब 10 सेकंड में पूरी हो सकती है। इसका मोटो है 'तीन क्लिक में NPS अपना'। हालांकि, यह सुविधा कब शुरू होगी, इसकी सटीक तारीख अभी सामने नहीं आई है।

रोज ₹10 जमा करने का मिलेगा विकल्प

इस पहल की सबसे खास बात छोटी रकम से निवेश करने की सुविधा है। ग्राहक अपनी मर्जी से UPI के जरिए रोजाना या हर घंटे 10 रुपये भी जमा कर सकेंगे।

अगर कोई व्यक्ति रोज 10 रुपये बचाता है, तो 30 दिनों में 300 रुपये जमा हो जाएंगे। हालांकि, NPS खाता खोलते समय कम से कम 250 रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद 10 रुपये जैसी छोटी रकम का योगदान किया जा सकेगा। NPS में अब ट्रांजैक्शन चार्ज नहीं लगता।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बैंकों को भी मिलेगा कमीशन

NPS Tatkal के जरिए नए ग्राहक जोड़ने पर बैंकों को हर खाते के लिए 100 रुपये की ऑनबोर्डिंग फीस मिलेगी। इसके अलावा खाते में मौजूद फंड पर सालाना 0.2 फीसदी कमीशन मिलेगा।

उदाहरण के लिए, अगर किसी खाते में 1 लाख रुपये हैं, तो सालाना कमीशन करीब 200 रुपये होगा। PFRDA ने NPS को कम लागत वाले रिटायरमेंट प्रोडक्ट्स में से एक बताया है।

अगले 3 साल में 5 करोड़ नए ग्राहक जोड़ने का लक्ष्य

PFRDA के मुताबिक, देश में करीब 60 करोड़ कामगार हैं, जबकि NPS और अटल पेंशन योजना (APY) से करीब 10 करोड़ लोग जुड़े हैं।

NPS में लगभग 1.5 करोड़ सरकारी और 1 करोड़ गैर-सरकारी सब्सक्राइबर हैं। रेगुलेटर को उम्मीद है कि NPS Tatkal जैसी सुविधाओं से अगले 2 से 3 साल में 4 से 5 करोड़ नए ग्राहक जुड़ सकते हैं।

advertisement

इसके साथ ही PFRDA ने 2040 से काफी पहले कुल पेंशन फंड को 100 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।