scorecardresearch

घर खरीदने से लेकर रिटायरमेंट तक की चिंता होगी कम! पति-पत्नी ऐसे करें निवेश की प्लानिंग

शादी के बाद पति-पत्नी के लिए सही फाइनेंशियल प्लानिंग करना बेहद जरूरी है। घर खरीदने से लेकर बच्चों के भविष्य और रिटायरमेंट तक के लिए निवेश की रणनीति कैसी होनी चाहिए? मनीफ्रंट के सीईओ मोहित गंग ने बताया है कि कपल्स कैसे अपने निवेश को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।

Advertisement

In Short

  • शादी के बाद नया निवेश करने से पहले पुराने निवेश की समीक्षा करें।
  • पति-पत्नी अलग-अलग या ज्वाइंट पोर्टफोलियो बनाकर निवेश कर सकते हैं।
  • आर्थिक लक्ष्यों और उनकी समयसीमा के हिसाब से चुनें निवेश के विकल्प।

शादी के बाद जिंदगी में कई बदलाव आते हैं। खर्चों के साथ आर्थिक जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में पति-पत्नी के लिए अपने पैसों को सही तरीके से मैनेज करना बेहद जरूरी हो जाता है। अगर शुरुआत से ही फाइनेंशियल प्लानिंग सही हो तो भविष्य की कई जरूरतों को पूरा करना आसान हो सकता है। आइए जानते हैं कि शादी के बाद कपल्स को किस तरह अपने निवेश की प्लानिंग करनी चाहिए।

advertisement

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Moneyfront के को-फाउंडर और सीईओ मोहित गर्ग ने बताया कि शादी के बाद नया निवेश करने या ज्यादा रिटर्न कमाने की सोचने से पहले पति-पत्नी को अपने पुराने निवेश की एक लिस्ट बनानी चाहिए। इसमें पीपीएफ, प्रोविडेंट फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट, इंश्योरेंस से जुड़े निवेश, म्यूचुअल फंड और शेयर शामिल हो सकते हैं। दोनों को मिलकर कागज पर इनका हिसाब लिखना चाहिए और देखना चाहिए कि उनका कितना पैसा कहां लगा हुआ है।

एक जैसे निवेश करने से बचें

कई बार पति-पत्नी अलग-अलग अकाउंट से निवेश करते हैं, लेकिन दोनों का पैसा एक जैसी स्कीमों या एसेट्स में लगा होता है। इससे दोनों के पोर्टफोलियो में एक जैसा रिस्क हो सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक, पुराने निवेश की समीक्षा करके इस तरह के ओवरलैप को कम करना चाहिए।

अलग-अलग या ज्वाइंट पोर्टफोलियो बनाएं?

कपल्स के पास निवेश करने के दो तरीके हैं। पहला, दोनों अपनी रिस्क लेने की क्षमता के हिसाब से अलग-अलग पोर्टफोलियो बना सकते हैं। इनमें एक पार्टनर डेट में ज्यादा पैसा लगा सकता है, जबकि दूसरा इक्विटी में निवेश कर सकता है। दूसरा तरीका है कि दोनों एक कॉमन अकाउंट के जरिए ज्वाइंट पोर्टफोलियो बनाएं और तय करें कि कितना पैसा किस एसेट में लगाना है।

किस लक्ष्य के लिए कहां लगाएं पैसा?

एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेश का विकल्प चुनते समय यह देखना जरूरी है कि आपको पैसे की जरूरत कब पड़ेगी। एक से तीन साल तक के लक्ष्यों के लिए डेट, फिक्स्ड इनकम या आर्बिट्राज जैसे विकल्प चुने जा सकते हैं। वहीं, तीन से पांच साल के लक्ष्यों के लिए हाइब्रिड निवेश बेहतर विकल्प हो सकते हैं। इनमें ग्रोथ और स्थिरता के बीच संतुलन बनाने की कोशिश होती है। पांच साल से ज्यादा अवधि के लक्ष्यों के लिए इक्विटी में निवेश किया जा सकता है।

घर से रिटायरमेंट तक की बनाएं लिस्ट

कपल्स को घूमने-फिरने, कार खरीदने, अपना घर लेने, बच्चों के भविष्य और रिटायरमेंट जैसे लक्ष्यों की एक लिस्ट बनानी चाहिए। इसके बाद हर लक्ष्य के हिसाब से नियमित निवेश शुरू करना चाहिए। एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेश अलग-अलग अकाउंट से हो या ज्वाइंट अकाउंट से, जरूरी यह है कि दोनों के आर्थिक लक्ष्य साझा हों और उन्हें पूरा करने के लिए अनुशासन के साथ पैसा जमा किया जाए।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।