scorecardresearch

शादी और बच्चे के जन्म के बाद कितना होना चाहिए लाइफ इंश्योरेंस कवर? जानिए परिवार के लिए 5 जरूरी फैसले

शादी के बाद पहली दिवाली हो या घर में नन्हे मेहमान का स्वागत, खुशियों के साथ आर्थिक जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। ऐसे में पुरानी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी क्या आपके परिवार के लिए पर्याप्त है? जानिए वे पांच जरूरी फैसले, जो भविष्य में अपनों की आर्थिक सुरक्षा के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

Advertisement

In Short

  • शादी और बच्चे के जन्म के बाद लाइफ इंश्योरेंस की समीक्षा जरूरी
  • परिवार के खर्च और लोन के हिसाब से तय करें बीमा कवर
  • नॉमिनी अपडेट करना और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना अहम

दिवाली का त्योहार खुशियों, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। खासकर उन लोगों के लिए यह मौका और भी खास होता है, जिनकी शादी के बाद पहली दिवाली है या जो हाल ही में माता-पिता बने हैं। लेकिन नई खुशियों के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में लाइफ इंश्योरेंस की जरूरतों पर दोबारा ध्यान देना जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं वे पांच फैसले, जो परिवार के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने में मदद कर सकते हैं।

advertisement

1. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को दोबारा समझें

आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर विकास गुप्ता के मुताबिक, शादी और बच्चे के जन्म के बाद परिवार की आर्थिक जरूरतें काफी बदल जाती हैं।

शादी के बाद घर का किराया, होम लोन की किस्त और रोजमर्रा के खर्च जैसी जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। अगर पति-पत्नी दोनों कमाते हैं, तब भी किसी एक की कमाई बंद होने से परेशानी हो सकती है। बच्चे के जन्म के बाद उसकी देखभाल और पढ़ाई का खर्च भी जुड़ जाता है।

2. लाइफ इंश्योरेंस कवर में कमी तो नहीं?

लाइफ इंश्योरेंस लेते समय सिर्फ सालाना कमाई के आधार पर कवर तय करना सही नहीं है। परिवार को अपने बकाया लोन, घरेलू खर्च, बच्चों की भविष्य की पढ़ाई और मौजूदा बचत को ध्यान में रखना चाहिए।

विकास गुप्ता के अनुसार, कुछ टर्म इंश्योरेंस पॉलिसियों में शादी, बच्चे के जन्म या घर खरीदने जैसे मौकों पर कवर बढ़ाने का विकल्प मिलता है। हालांकि, यह पॉलिसी की शर्तों और अतिरिक्त प्रीमियम पर निर्भर करता है।

3. सही इंश्योरेंस और भुगतान का विकल्प चुनें

परिवार के लिए पर्याप्त बीमा कवर के साथ यह तय करना भी जरूरी है कि बीमा की रकम कैसे मिलेगी।

टर्म इंश्योरेंस आमतौर पर कम प्रीमियम में बड़ा कवर देता है। वहीं, कुछ दूसरी पॉलिसियां बीमा सुरक्षा के साथ बचत का फायदा भी देती हैं।

बीमा की रकम एकमुश्त, नियमित किस्तों में या दोनों तरीकों से मिल सकती है। एकमुश्त रकम लोन चुकाने में मदद कर सकती है, जबकि नियमित भुगतान से घर के खर्च पूरे किए जा सकते हैं।

4. बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की सुरक्षा

नए माता-पिता के लिए बच्चे की पढ़ाई और भविष्य की जरूरतों की तैयारी जरूरी है। पर्याप्त लाइफ इंश्योरेंस कमाने वाले माता-पिता की अचानक मृत्यु होने पर परिवार को आर्थिक सहारा दे सकता है।

कुछ चाइल्ड इंश्योरेंस प्लान में प्रीमियम माफी की सुविधा भी मिलती है। इसके तहत बीमित माता-पिता की मृत्यु होने पर आगे का प्रीमियम दिए बिना पॉलिसी के तय फायदे जारी रह सकते हैं। यह सुविधा पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करती है।

advertisement

5. नॉमिनी और पॉलिसी की जानकारी अपडेट करें

शादी या बच्चे के जन्म के बाद बीमा पॉलिसी में नॉमिनी और संपर्क जानकारी अपडेट करना जरूरी है।

अगर नाबालिग बच्चे को नॉमिनी बनाया गया है, तो नियमों के मुताबिक एक वयस्क को नियुक्त किया जा सकता है, जो बच्चे के नाबालिग रहने तक बीमा की रकम प्राप्त कर सके।

परिवार को पॉलिसी के दस्तावेज सुरक्षित रखने और क्लेम की प्रक्रिया समझने पर भी ध्यान देना चाहिए।

कुल मिलाकर, विकास गुप्ता का कहना है कि परिवार की बदलती जिम्मेदारियों के साथ बीमा सुरक्षा की समीक्षा भी जरूरी है। इससे मुश्किल समय में अपनों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।