डिविडेंड यील्ड फंड क्या होते हैं और किन निवेशकों को करना चाहिए इसमें निवेश? जानिए कैसे मिलता है रिटर्न
जानिए डिविडेंड यील्ड फंड क्या है, यह रिटर्न कैसे देता है और किन निवेशकों के लिए यह ऑप्शन अच्छा है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट

Dividend Yield Fund: म्यूचुअल फंड की दुनिया में निवेशकों के लिए कई तरह की स्कीम हैं। इनमें से एक लोकप्रिय कैटेगरी डिविडेंड यील्ड फंड (Dividend Yield Fund) है। चलिए जानते हैं कि डिविडेंड यील्ड फंड क्या है, यह रिटर्न कैसे देता है और किन निवेशकों के लिए यह ऑप्शन अच्छा है।
क्या होता है Dividend Yield Fund?
डिविडेंड यील्ड फंड एक तरह का इक्विटी म्यूचुअल फंड होता है। यह मुख्य रूप से उन कंपनियों के शेयरों में निवेश करता है जिनकी डिविडेंड यील्ड अधिक होती है। डिविडेंड यील्ड का मतलब है कि कंपनी अपने शेयर की कीमत के मुकाबले निवेशकों को कितना डिविडेंड दे रही है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: बाजार की तेजी-मंदी दोनों में मुनाफा! जानें क्या है Long Short Fund और किसे करना चाहिए निवेश
उदाहरण के लिए, यदि किसी कंपनी का शेयर 100 रुपये का है और वह सालाना 5 रुपये का डिविडेंड देती है, तो उसकी डिविडेंड यील्ड 5% होगी।
यह फंड कैसे काम करता है?
फंड मैनेजर ऐसी कंपनियों का चयन करता है जिनका बिजनेस मजबूत हो और जो लगातार अपने शेयरधारकों को डिविडेंड देती हों। इनमें अक्सर बैंकिंग, आईटी, एनर्जी, एफएमसीजी और सार्वजनिक क्षेत्र (PSU) की कंपनियां शामिल होती हैं।
इन फंडों का मकसद सिर्फ शेयरों की कीमत बढ़ने से कमाई करना नहीं होता, बल्कि नियमित डिविडेंड देने वाली कंपनियों में निवेश करके स्थिर रिटर्न हासिल करना भी होता है।
निवेशकों को रिटर्न कैसे मिलता है?
Dividend Yield Fund में निवेश करने वाले निवेशकों को दो तरीकों से रिटर्न मिल सकता है:
1. पूंजी में वृद्धि (Capital Appreciation)
अगर फंड के पोर्टफोलियो में शामिल कंपनियों के शेयरों की कीमत बढ़ती है, तो फंड की NAV भी बढ़ती है और निवेशक को फायदा होता है।
2. डिविडेंड देने वाली कंपनियों का लाभ
कंपनियों द्वारा दिया गया डिविडेंड फंड के पोर्टफोलियो का हिस्सा बनता है। इससे फंड की कुल वैल्यू बढ़ सकती है, जिसका फायदा निवेशकों को लंबे समय में मिलता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: SIF में निवेश से पहले जान लें ये जरूरी बातें! एक्सपर्ट ने बताया किन निवेशक के लिए नहीं है यह ऑप्शन
हालांकि यह जरूरी नहीं है कि फंड खुद निवेशकों को नियमित डिविडेंड ही बांटे। अधिकांश निवेशक आजकल ग्रोथ ऑप्शन चुनते हैं, जहां लाभ NAV में जुड़ता रहता है।
किन निवेशकों के लिए बेहतर है यह फंड?
Dividend Yield Fund उन निवेशकों के लिए सही है जो:
- इक्विटी में निवेश करना चाहते हैं लेकिन कम जोखिम चाहते हैं।
- लंबी अवधि (5 साल या उससे अधिक) के लिए निवेश कर सकते हैं।
- स्थिर और मजबूत कंपनियों में निवेश का लाभ लेना चाहते हैं।
- बाजार में गिरावट के दौरान बेहतर सुरक्षा चाहते हैं।

