SIP का सही फॉर्मूला! 2 साल से रिटायरमेंट तक किस फंड में लगाएं पैसा?
SIP में निवेश कर रहे हैं तो क्या आपको पता है कि हर लक्ष्य के लिए अलग म्यूचुअल फंड चुनना जरूरी है? कार खरीदने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और रिटायरमेंट तक निवेश की रणनीति बदल जाती है. जानिए एक्सपर्ट ने किस अवधि के लिए कौन सी फंड कैटेगरी सुझाई है.

In Short
- शॉर्ट टर्म SIP: 1 से 2 साल के लक्ष्य के लिए पोर्टफोलियो में करीब 80% डेट निवेश रखने की सलाह.
- मीडियम और लॉन्ग टर्म SIP: लार्ज कैप, मिड कैप, स्मॉल कैप और मल्टी कैप जैसी फंड कैटेगरी पर कर सकते हैं विचार.
- पोर्टफोलियो एलोकेशन: एक्सपर्ट के मुताबिक, इक्विटी पोर्टफोलियो में 50 से 60% लार्ज कैप और बाकी मिड व स्मॉल कैप में निवेश किया जा सकता है.
SIP के जरिए निवेश करना आसान है, लेकिन सही म्यूचुअल फंड चुनना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कोई बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा जोड़ना चाहता है, तो कोई कार खरीदने, छुट्टियों पर जाने या रिटायरमेंट के लिए फंड बनाना चाहता है. हर जरूरत के लिए एक जैसी निवेश रणनीति काम नहीं करती. ऐसे में समझना जरूरी है कि किस लक्ष्य के लिए कौन सी फंड कैटेगरी सही हो सकती है.
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा से बातचीत करते हुए एक्सपर्ट श्वेता रजनी ने बताया कि अगर आपका लक्ष्य अगले 1 से 2 साल में पूरा होने वाला है, तो ज्यादा जोखिम लेने से बचना चाहिए. ऐसे पोर्टफोलियो में करीब 80% हिस्सा डेट (Debt) में रखा जा सकता है. इसके लिए डेट म्यूचुअल फंड या FD जैसे विकल्प देख सकते हैं. PPF भी डेट से जुड़ा विकल्प है, लेकिन इसकी लंबी लॉक-इन अवधि के कारण यह 1-2 साल के लक्ष्य के लिए सही नहीं है. कम समय में इक्विटी मार्केट के उतार-चढ़ाव से बचना ज्यादा जरूरी है.
2 से 5 या 6 साल के लिए क्या हो रणनीति?
अगर आपका लक्ष्य 2 से 5 या 6 साल दूर है, तो इसे मीडियम टर्म माना जा सकता है. ऐसे में अपनी रिस्क लेने की क्षमता के हिसाब से पोर्टफोलियो में इक्विटी का हिस्सा तय कर सकते हैं. श्वेता रजनी के मुताबिक, लार्ज कैप, मिड कैप, स्मॉल कैप, मल्टी कैप और लार्ज एंड मिड कैप जैसी कैटेगरी पर विचार किया जा सकता है. हालांकि, कम समय वाले लक्ष्यों में इक्विटी का जोखिम सीमित रखना जरूरी है.
रिटायरमेंट और बच्चों की पढ़ाई के लिए कौन से फंड?
अगर आपका लक्ष्य 6 साल से ज्यादा दूर है, जैसे रिटायरमेंट, लंबे समय में वेल्थ क्रिएशन, बच्चों की पढ़ाई या शादी, तो लॉन्ग टर्म इक्विटी स्ट्रैटेजी अपनाई जा सकती है. श्वेता रजनी के मुताबिक, लंबे समय में मार्केट के उतार-चढ़ाव को संभालने के लिए ज्यादा वक्त मिलता है. ऐसे पोर्टफोलियो में अलग-अलग मार्केट कैप वाली फंड कैटेगरी शामिल की जा सकती हैं.
मल्टी कैप और लार्ज एंड मिड कैप में क्या अंतर?
मल्टी कैप फंड में लार्ज, मिड और स्मॉल कैप तीनों तरह की कंपनियों में निवेश होता है. वहीं, लार्ज एंड मिड कैप फंड में मुख्य रूप से लार्ज और मिड कैप कंपनियों का एक्सपोजर होता है. इन कैटेगरी को समझकर निवेश करने से पोर्टफोलियो में एक ही तरह के शेयरों का जरूरत से ज्यादा हिस्सा होने से बचा जा सकता है.
लॉन्ग टर्म में इन फंड्स पर भी रख सकते हैं नजर
लंबी अवधि के निवेश में फोकस्ड फंड, डिविडेंड यील्ड फंड, वैल्यू फंड और कॉन्ट्रा फंड जैसी स्ट्रैटेजी आधारित कैटेगरी भी शामिल की जा सकती हैं. हालांकि, इन्हें चुनते समय निवेशक की रिस्क प्रोफाइल और मौजूदा पोर्टफोलियो को ध्यान में रखना जरूरी है.
लार्ज कैप में कितना पैसा रखना चाहिए?
श्वेता रजनी के मुताबिक, मौजूदा प्रॉफिटेबिलिटी और वैल्यूएशन को देखते हुए इक्विटी पोर्टफोलियो का करीब 50 से 60% हिस्सा लार्ज कैप में रखा जा सकता है. बाकी 40 से 50% हिस्सा मिड कैप और स्मॉल कैप में बराबर बांटा जा सकता है.
इसे स्ट्रैटेजिक एलोकेशन माना जा सकता है. हालांकि, मार्केट की स्थिति और निवेशक की रिस्क लेने की क्षमता के हिसाब से इसमें 5 से 10% तक बदलाव भी किया जा सकता है. सबसे जरूरी बात यह है कि SIP की कैटेगरी चुनने से पहले अपना लक्ष्य और उसे पूरा करने का समय जरूर तय करें.


