SBI Magnum Equity Ex-Top 100 Long Short Fund का एनएफओ आज से खुला! चेक करें डिटेल्स
आज से निवेशकों के लिए SBI Mutual Fund का नया SIF खुल गया है। यह फंड टॉप 100 से बाहर की कंपनियों में निवेश करेगा और लॉन्ग-शॉर्ट रणनीति अपनाएगा। अगर आप नए निवेश विकल्प की तलाश में हैं, तो जानिए इस NFO की तारीख, निवेश की शर्तें और इससे जुड़ी अहम बातें।

In Short
- SBI Mutual Fund का Magnum Equity Ex-Top 100 Long Short Fund आज यानी 7 अगस्त से निवेश के लिए खुल गया है।
- यह फंड टॉप 100 से बाहर की कंपनियों में निवेश करेगा, जबकि जोखिम कम करने के लिए सीमित शॉर्ट पोजिशन भी ले सकेगा।
- नए निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश 10 लाख रुपये रखा गया है, जबकि NFO 20 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा।
SBI Mutual Fund ने Specialized Investment Fund यानी SIF के तहत अपनी दूसरी निवेश रणनीति लॉन्च कर दी है। नए फंड का नाम Magnum Equity Ex-Top 100 Long Short Fund है।
आज यानी 7 अगस्त 2026 से इसका NFO सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। निवेशक इसमें 20 अगस्त 2026 तक निवेश कर सकेंगे। इस फंड का मुख्य फोकस भारत की टॉप 100 कंपनियों से बाहर की कंपनियों के शेयरों पर रहेगा।
टॉप 100 से बाहर की कंपनियों में निवेश
यह एक ओपन-एंडेड स्ट्रैटेजी है। इसका मकसद लंबी अवधि में निवेशकों के लिए पूंजी बढ़ाना है।फंड मुख्य रूप से उन कंपनियों के इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में पैसा लगाएगा, जो मार्केट कैप के हिसाब से भारत की टॉप 100 कंपनियों में शामिल नहीं हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: अपने पहले म्यूचुअल फंड निवेश से पहले खुद से जरूर पूछें ये 3 सवाल! आसान हो जाएगा सही फंड चुनना
इसके साथ ही फंड डेरिवेटिव्स के जरिए सीमित शॉर्ट पोजिशन भी ले सकेगा। इसका इस्तेमाल रिटर्न बढ़ाने और बाजार में उतार-चढ़ाव के जोखिम को संभालने के लिए किया जाएगा। इस स्ट्रैटेजी का बेंचमार्क BSE 500 TRI रखा गया है।
SBI Funds Management ने क्या कहा?
SBI Funds Management के MD और CEO देबाशीष मिश्रा ने कहा कि Magnum Equity Ex Top 100 Long Short Fund का लॉन्च कंपनी के Specialized Investment Fund प्लेटफॉर्म के विस्तार की दिशा में अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि यह रणनीति रिसर्च आधारित निवेश पर फोकस करती है और भारत के बदलते बाजार में मिलने वाले मौकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।उनके मुताबिक, टॉप 100 कंपनियों से बाहर निवेश और लॉन्ग-शॉर्ट स्ट्रैटेजी का इस्तेमाल निवेशकों को एक अलग विकल्प देता है।
कितने रुपये से कर सकते हैं निवेश?
नए निवेशकों के लिए इस फंड में न्यूनतम निवेश 10 लाख रुपये रखा गया है। यह SEBI के SIF से जुड़े पात्रता नियमों के मुताबिक है।
वहीं पहले से Magnum SIF में निवेश कर रहे निवेशक एक आवेदन में कम से कम 1 लाख रुपये लगा सकते हैं। हालांकि, PAN स्तर पर सभी Magnum SIF स्ट्रैटेजी में उनका कुल निवेश कम से कम 10 लाख रुपये होना जरूरी है।
कौन करेगा फंड को मैनेज?
इस फंड को गौरव मेहता मैनेज करेंगे। वह CFA हैं और SIF Equity के हेड हैं। गौरव मेहता SBI Mutual Fund के पहले SIF प्रोडक्ट Magnum Hybrid Long Short Fund को भी मैनेज करते हैं।
टैक्स और एग्जिट लोड
12 महीने से ज्यादा समय तक निवेश रखने पर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन पर मौजूदा नियमों के मुताबिक 12.5% टैक्स लगेगा। इसके अलावा लागू सरचार्ज और सेस भी देना होगा। एक वित्त वर्ष में 1.25 लाख रुपये तक का लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स फ्री रहेगा।
अगर निवेशक यूनिट मिलने के तीन महीने के अंदर पैसे निकालते हैं या स्विच करते हैं, तो 1% एग्जिट लोड लगेगा। तीन महीने के बाद कोई एग्जिट लोड नहीं होगा।SBI Mutual Fund भारत का सबसे बड़ा एसेट मैनेजर है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में इसका औसत AUM 12.57 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।

