अपने पहले म्यूचुअल फंड निवेश से पहले खुद से जरूर पूछें ये 3 सवाल! आसान हो जाएगा सही फंड चुनना
हर Mutual Fund हर निवेशक के लिए सही नहीं होता। इसलिए पहली बार निवेश करने से पहले जल्दबाजी न करें। बस तीन सवालों के जवाब जान लें। यही तय करेंगे कि आपके लक्ष्य, समय और जोखिम के हिसाब से कौन-सा फंड आपके लिए सही रहेगा। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- पहला Mutual Fund चुनने से पहले अपना निवेश लक्ष्य साफ करें।
- तय करें कि आप 0 से 3 साल, 3 से 7 साल या 7 साल से ज्यादा निवेश कर सकते हैं।
- जोखिम के हिसाब से Large Cap, Flexi Cap या Mid and Small Cap Fund चुनें।
How to Choose Mutual Fund: Mutual Fund में निवेश शुरू करने से पहले केवल किसी फंड का पिछला रिटर्न देखकर फैसला करना सही नहीं होता। पहली बार निवेश करने वाले लोगों के लिए यह समझना जरूरी है कि वे पैसा किस मकसद से लगा रहे हैं, कितने समय तक निवेश जारी रख सकते हैं और बाजार में उतार-चढ़ाव का कितना जोखिम उठा सकते हैं।
इन तीन सवालों के जवाब मिलने के बाद अपने लिए सही Mutual Fund चुनना आसान हो सकता है।
1) सबसे पहले तय करें आपका लक्ष्य क्या है
Mutual Fund चुनने से पहले खुद से पहला सवाल पूछें कि आपका निवेश का लक्ष्य क्या है। अलग-अलग लोगों के आर्थिक लक्ष्य भी अलग हो सकते हैं।
कोई व्यक्ति घर खरीदने के लिए पैसा जमा करना चाहता है, तो कोई कार खरीदने की तैयारी कर रहा होता है। कुछ लोग घूमने के लिए फंड बनाना चाहते हैं, जबकि कई लोगों का लक्ष्य लंबी अवधि में बड़ा पैसा जोड़ना यानी वेल्थ क्रिएशन होता है।
लक्ष्य तय होने से यह समझना आसान होता है कि आपको कितनी रकम की जरूरत होगी और निवेश को कितने समय तक जारी रखना पड़ सकता है।
2) कितने समय तक निवेश जारी रख सकते हैं
दूसरा जरूरी सवाल निवेश की अवधि से जुड़ा है। आपको यह तय करना होगा कि आप अपना पैसा कितने समय तक Mutual Fund में लगाए रख सकते हैं।
अगर आपका लक्ष्य अगले 0 से 3 साल के भीतर पूरा करना है, तो इसे कम अवधि का निवेश माना जा सकता है। वहीं 3 से 7 साल की अवधि को मध्यम समय का निवेश समझा जा सकता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: ₹10,000 की SIP या ₹2 लाख का LumpSum- ₹1 करोड़ का फंड पहले कहां तैयार होगा?
अगर आप 7 साल या उससे ज्यादा समय तक निवेश जारी रख सकते हैं, तो आपका लक्ष्य लंबी अवधि से जुड़ा है। निवेश की अवधि पहले से तय होने पर बार-बार फंड बदलने या जल्दबाजी में पैसा निकालने से बचा जा सकता है।
3) कितना जोखिम उठा सकते हैं
तीसरा सवाल आपकी जोखिम उठाने की क्षमता से जुड़ा है। हर निवेशक बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव को एक जैसा नहीं संभाल सकता।
- अगर आप कम जोखिम लेना चाहते हैं, तो Large Cap Funds आपके लिए एक विकल्प हो सकते हैं। ये फंड बड़ी कंपनियों में निवेश से जुड़े होते हैं।
- मध्यम जोखिम उठाने वाले निवेशक Flexi Cap Funds पर विचार कर सकते हैं। इनमें फंड मैनेजर अलग-अलग आकार की कंपनियों में निवेश कर सकता है।
- जो निवेशक ज्यादा जोखिम उठा सकते हैं, उनके लिए Mid Cap और Small Cap Funds विकल्प हो सकते हैं। इनमें उतार-चढ़ाव ज्यादा हो सकता है।
इसलिए पहला Mutual Fund चुनने से पहले अपना लक्ष्य, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता जरूर समझें। इन तीन सवालों के जवाब ही सही फंड चुनने की दिशा तय कर सकते हैं।

