
फरवरी तक फिर बढ़ सकती हैं ब्याज दरें, डेट म्यूचुअल फंड के निवेशकों को एक्सपर्ट ने दी खास सलाह
आने वाले महीनों में महंगाई दर ऊंची रहने और ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी का असर डेट म्यूचुअल फंड के रिटर्न पर पड़ सकता है। हालांकि, एक्सपर्ट्स मौजूदा परिस्थितियों में भी निवेश के अवसर देख रहे हैं। जानिए ऐसे माहौल में निवेशकों को किस तरह की रणनीति अपनानी चाहिए।

In Short
- अगले तीन तिमाहियों तक महंगाई दर 5.5 से 6 फीसदी रहने का अनुमान।
- फरवरी तक ब्याज दरों में 100 बेसिस पॉइंट तक की बढ़ोतरी की आशंका।
- कॉरपोरेट बॉन्ड में चरणबद्ध तरीके से निवेश करने की सलाह।
आने वाले महीनों में महंगाई दर ऊंची रहने, वैशिक स्तर पर तनाव और ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी का असर डेट म्यूचुअल फंड के रिटर्न पर देखने को मिल सकता है। हालांकि, बॉन्ड मार्केट पहले ही कई नकारात्मक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर चल रहा है। ऐसे में बॉन्ड की ऊंची यील्ड निवेशकों के लिए निवेश के बेहतर अवसर भी पैदा कर सकती है।
Mirae Asset Mutual Fund के फिक्स्ड इनकम हेड बसंत बाफना के मुताबिक, अगले तीन तिमाहियों तक महंगाई दर 5.5 से 6 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है। यह भारतीय रिजर्व बैंक की महंगाई की तय सीमा के ऊपरी स्तर के करीब है।
कच्चे तेल में गिरावट के बावजूद बॉन्ड यील्ड ऊंची
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बावजूद बॉन्ड यील्ड ऊंची बनी हुई है। इसकी वजह वैश्विक स्तर पर जारी तनाव और ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता है।
बसंत बाफना के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमत 90 से 95 डॉलर प्रति बैरल के बीच आ गई है। इसके बावजूद अगस्त 2026 के आखिर के मुकाबले बॉन्ड यील्ड 30 से 35 बेसिस पॉइंट अधिक है। उस समय भी कच्चे तेल की कीमत लगभग इसी स्तर पर थी।

फरवरी तक बढ़ सकती हैं ब्याज दरें
बॉन्ड मार्केट फरवरी तक आरबीआई की ओर से ब्याज दरों में 75 से 100 बेसिस पॉइंट यानी 0.75 से 1 फीसदी तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी की संभावना को ध्यान में रखकर चल रहा है।
आमतौर पर ब्याज दरें बढ़ने से मौजूदा बॉन्ड की कीमतों पर दबाव पड़ता है। वहीं, ऊंची महंगाई के चलते निवेशकों का वास्तविक रिटर्न भी कम हो सकता है। डेट फंड का रिटर्न काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि आरबीआई के फैसले बाजार की उम्मीदों से कितने अलग रहते हैं।
किस डेट फंड में करें निवेश?
बसंत बाफना के मुताबिक, निवेशकों को अपने वित्तीय लक्ष्यों और निवेश की अवधि के हिसाब से डेट फंड का चुनाव करना चाहिए। अगर कोई निवेशक एक से दो साल के लिए पैसा लगाना चाहता है तो वह शॉर्ट ड्यूरेशन फंड (Short Duration Fund) पर विचार कर सकता है। वहीं, तीन साल या उससे अधिक समय के लिए मीडियम ड्यूरेशन फंड (Medium Duration Fund) पर विचार किया जा सकता है।
कॉरपोरेट बॉन्ड फंड में निवेश का मौका
बसंत बाफना का कहना है कि कॉरपोरेट बॉन्ड स्प्रेड अपने ऐतिहासिक औसत से काफी ऊपर हैं। ऐसे में निवेशकों को अगले दो से तीन महीनों के दौरान चरणबद्ध तरीके से निवेश करने पर विचार करना चाहिए। आर्थिक आंकड़ों और मौद्रिक नीति से जुड़े फैसलों के दौरान यील्ड बढ़ने पर निवेश बढ़ाया जा सकता है।
हालांकि, वैश्विक तनाव लंबे समय तक जारी रहना, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी, वैश्विक बॉन्ड यील्ड में तेजी और अल नीनो के चलते खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ना अब भी प्रमुख जोखिम बने हुए हैं।


