कम उम्र में कर्ज लेने की होड़! लोन मार्केट में Gen-Z का बढ़ता दबदबा - सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
युवाओं के बीच लोन लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। भारतलोन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में कंपनी के करीब आधे लोन 25 से 35 साल की उम्र के लोगों ने लिए हैं। महिलाओं की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। जानिए किन शहरों में लोन की सबसे ज्यादा मांग है।

देश के युवाओं में लोन लेने का चलन बढ़ रहा है। भारतलोन (BharatLoan) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, लोन लेने वालों में 25 से 30 साल की उम्र के लोगों की हिस्सेदारी साल 2025 में 18 फीसदी थी, जो 2026 में बढ़कर 22.1 फीसदी हो गई है। यानी कंपनी की ओर से दिए गए हर पांच लोन में से एक से ज्यादा लोन इस उम्र के लोगों ने लिया है।
इतना ही नहीं, कुल लोन राशि में भी इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी 13 फीसदी से बढ़कर 17.7 फीसदी हो गई है। एक साल में इस हिस्सेदारी में करीब 36 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लोन लेने वालों में युवाओं की बढ़ रही हिस्सेदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में भारतलोन के कुल लोन मामलों में 25 से 35 साल की उम्र के लोगों की हिस्सेदारी 47.9 फीसदी रही, जो 2025 में 46.1 फीसदी थी। यानी कंपनी की ओर से दिए गए करीब आधे लोन इस आयु वर्ग के लोगों ने लिए हैं। वहीं, कुल लोन राशि में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी 38.9 फीसदी से बढ़कर 43.3 फीसदी हो गई है।
महिलाएं भी लोन लेने में आगे
भारतलोन के बिजनेस हेड शक्ति शेखावत का कहना है कि Gen-Z देश के क्रेडिट सिस्टम में शामिल होने का इंतजार नहीं कर रही है, बल्कि उसे नया आकार दे रही है।
शेखावत के मुताबिक, युवाओं के साथ महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भी देश के क्रेडिट मार्केट में बदलाव का संकेत है। एक साल में लोन लेने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी में 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। यह देश में वित्तीय समावेशन का दायरा बढ़ने का संकेत है।
किन शहरों में बढ़ी लोन की मांग?
लोन के मामले में बेंगलुरु सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है। भारतलोन के कुल लोन मामलों में बेंगलुरु की हिस्सेदारी 19.8 फीसदी और कुल लोन राशि में 23.3 फीसदी रही है।
वहीं, नई दिल्ली की हिस्सेदारी 14.2 फीसदी से बढ़कर 15.9 फीसदी, मुंबई की 10.1 फीसदी से बढ़कर 10.7 फीसदी और हैदराबाद की 9.9 फीसदी से बढ़कर 10.3 फीसदी हो गई है।
अहमदाबाद की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी बढ़कर 5.8 फीसदी हो गई है। मुंबई और ठाणे की संयुक्त हिस्सेदारी 23.1 फीसदी रही। वहीं, कोलकाता क्षेत्र के 24 परगना ने 4.9 फीसदी हिस्सेदारी के साथ टॉप 10 में जगह बनाई है।
बता दें कि यह रिपोर्ट भारतलोन की ओर से साल 2025 और 2026 में दिए गए लोन के आंकड़ों पर आधारित है, न कि देश के पूरे लोन मार्केट पर।


