scorecardresearch

बजट के इतिहास में पहली बार! Gen-Z से मिलीं वित्त मंत्री, AI से लेकर नौकरियों तक पर हुई चर्चा

केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहली बार Gen-Z के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व बैठक की। करीब दो घंटे चली इस बैठक में AI, रोजगार और स्किल डेवलपमेंट समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जानिए आगामी बजट को लेकर युवाओं ने क्या सुझाव दिए।

Advertisement
Image Credit: Ministry of Finance X Handle

केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहली बार युवाओं और जेनरेशन जी (Gen-Z) के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व बैठक की। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई टेक्नोलॉजी, रिसर्च, इनोवेशन, रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्किल डेवलपमेंट पर चर्चा हुई। यह वित्त मंत्रालय की प्री-बजट कंसल्टेशन प्रक्रिया की 13वीं और आखिरी बैठक थी।

advertisement

करीब दो घंटे चली इस बैठक में पूर्वोत्तर समेत देश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए युवाओं ने हिस्सा लिया। बैठक में महिलाओं की भागीदारी करीब 50 फीसदी रही। प्रमुख शिक्षण संस्थानों, रिसर्च संगठनों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े करीब 22 प्रतिभागियों को अपने सुझाव रखने का मौका मिला।

AI इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने पर जोर

बैठक में युवाओं ने देश में AI इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने और नई टेक्नोलॉजी में निवेश बढ़ाने का सुझाव दिया। इसके अलावा, तकनीकी बदलावों के अगले दौर के लिए भारत को तैयार करने के मकसद से रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

युवाओं ने खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ खेल उपकरणों और उनसे जुड़े उत्पादों की घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की भी बात कही।

पढ़ाई और नौकरी की जरूरतों के बीच दूरी घटाने की मांग

बैठक में इंडस्ट्री की जरूरतों और शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम के बीच अंतर का मुद्दा भी उठा। युवाओं ने सुझाव दिया कि शिक्षा और ट्रेनिंग प्रोग्राम में बदलाव किया जाए, ताकि पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों को नौकरी हासिल करने में आसानी हो।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम (PM Internship Scheme) को अधिक आकर्षक और प्रभावी बनाने के सुझाव भी दिए गए।

रोजगार और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस

युवाओं में इस बात को लेकर उत्साह था कि उनकी आवाज भी बजट बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा बन रही है। टेक्नोलॉजी के चलते रोजगार के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को देखते हुए युवाओं ने ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम को अपग्रेड करने पर जोर दिया।