scorecardresearch

SIP वालों के लिए खतरे की घंटी? 9% से 4% पर आई ग्रोथ, अब क्या करें निवेशक?

म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए अक्टूबर के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। HDFC Securities की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडस्ट्री की AUM ग्रोथ घटकर सिर्फ 4% रह गई है। वहीं, नई SIP के आंकड़ों में भी कमजोरी दिखी है। ऐसे में सवाल है कि निवेशकों को SIP जारी रखनी चाहिए या रणनीति बदलनी चाहिए?

Advertisement
AI Generated Image

देश की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की ग्रोथ में सुस्ती के संकेत मिल रहे हैं। HDFC Securities की भारत बैरोमीटर (अक्टूबर 2026) रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में म्यूचुअल फंड के नेट एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) की ग्रोथ घटकर सिर्फ 4% रह गई। सितंबर में यह 9% और अक्टूबर 2025 में 19% थी।

advertisement

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों को चिंता करनी चाहिए? क्या SIP रोकने का समय आ गया है या लंबी अवधि के निवेशकों को अपनी रणनीति पर कायम रहना चाहिए?

आखिर क्यों धीमी पड़ रही म्यूचुअल फंड की रफ्तार?

म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का AUM वह कुल रकम है, जिसे फंड हाउस निवेशकों की ओर से मैनेज करते हैं। इसमें बाजार की चाल, नए निवेश और निवेशकों की निकासी का असर पड़ता है।

अगर शेयर बाजार गिरता है तो म्यूचुअल फंड के पास मौजूद शेयरों की वैल्यू भी घट सकती है। इससे बिना बड़ी निकासी के भी AUM कम हो सकता है।

हालांकि, HDFC Securities की रिपोर्ट यह स्पष्ट नहीं करती कि अक्टूबर में आई सुस्ती के पीछे किस वजह का कितना योगदान रहा।

SIP के आंकड़ों ने क्यों बढ़ाई चिंता?

रिपोर्ट में निवेशकों की भागीदारी को लेकर मिले-जुले संकेत सामने आए हैं। अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में नेट निवेश सालाना आधार पर 34% बढ़ा। लेकिन SIP के जरिए आने वाली रकम की ग्रोथ सितंबर के 11% से घटकर अक्टूबर में 9% रह गई।

सबसे अहम बात यह है कि नई SIP शुरू होने और बंद होने का नेट आंकड़ा अक्टूबर में माइनस 8.4 लाख रहा। सितंबर में यह पॉजिटिव 13.6 लाख था।

इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार से करीब 3.6 अरब डॉलर निकाले।

क्या AUM घटने से निवेशकों का रिटर्न भी घटेगा?

ऐसा जरूरी नहीं। पूरी म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की AUM ग्रोथ और किसी एक निवेशक का रिटर्न दो अलग बातें हैं। मान लीजिए आपने किसी इक्विटी म्यूचुअल फंड में 5 लाख रुपये लगाए हैं और आपको सालाना 10% रिटर्न मिलता है। ऐसे में एक साल बाद आपका निवेश बढ़कर 5.5 लाख रुपये हो जाएगा, भले ही पूरी इंडस्ट्री का AUM 4% बढ़े या 20%।

आपका वास्तविक रिटर्न इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी स्कीम ने किन शेयरों में निवेश किया है, उसका प्रदर्शन कैसा है और उसका खर्च कितना है।

advertisement

क्या SIP बंद कर देनी चाहिए?

सिर्फ AUM ग्रोथ धीमी होने के कारण SIP बंद करना सही रणनीति नहीं मानी जाती। निवेशकों को अपनी म्यूचुअल फंड स्कीम का पिछले तीन और पांच साल का प्रदर्शन देखना चाहिए। साथ ही यह भी जांचना चाहिए कि फंड ने अपने बेंचमार्क के मुकाबले कैसा रिटर्न दिया है।

निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे अपने पोर्टफोलियो में विविधता बनाए रखें और बाजार के छोटे उतार-चढ़ाव के बजाय लंबी अवधि के वित्तीय लक्ष्यों पर ध्यान दें।

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।