
AI सेक्टर पर Edelweiss Fund का भरोसा! पोर्टफोलियो का 40% से ज्यादा हिस्सा इन कंपनियों में निवेश
AI की बढ़ती मांग के बीच Edelweiss US Technology Fund ने अपने पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा इससे जुड़े सेक्टर्स में निवेश किया है। फंड का फोकस सिर्फ बड़ी टेक कंपनियों पर नहीं, बल्कि कई दूसरे क्षेत्रों पर भी है। जानिए फंड की निवेश रणनीति और प्रमुख होल्डिंग्स के बारे में।

In Short
- Edelweiss US Technology Fund के पोर्टफोलियो का 40.3% हिस्सा AI सप्लाई चेन से जुड़ी कंपनियों में निवेश।
- AI की मुख्य टेक्नोलॉजी में 22.4% और कंप्यूटिंग, नेटवर्किंग, मेमोरी व पावर में 17.9% निवेश।
- फंड की प्रमुख होल्डिंग्स में एनवीडिया, ब्रॉडकॉम, माइक्रोसॉफ्ट और पालो ऑल्टो नेटवर्क्स जैसी कंपनियां शामिल हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसी के साथ AI से जुड़ी टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के नए मौके भी बन रहे हैं। इसी को देखते हुए एडेलवाइस यूएस टेक्नोलॉजी इक्विटी फंड ने अपने पोर्टफोलियो का करीब 40.3% हिस्सा AI सप्लाई चेन से जुड़ी कंपनियों में निवेश किया है। फंड का निवेश सिर्फ AI मॉडल बनाने वाली बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि चिप, डेटा सेंटर, नेटवर्किंग और बिजली से जुड़े सेक्टर्स में भी है।
AI से जुड़े किन सेक्टर्स में कितना निवेश?
इस फंड का अंडरलाइंग पोर्टफोलियो JPMorgan Funds – US Technology Fund के जरिए मैनेज होता है। इसमें 22.4% निवेश मुख्य AI टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियों में किया गया है। वहीं 17.9% हिस्सा AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सेक्टर्स में लगाया गया है।
मुख्य AI टेक्नोलॉजी में एक्सेलरेटर और कस्टम सिलिकॉन की हिस्सेदारी 8% है। एनालॉग और पावर सेमीकंडक्टर में 6.1%, इक्विपमेंट, मटीरियल और डिजाइन में 4.2%, फाउंड्री और एडवांस्ड पैकेजिंग में 3% और ऑप्टिकल व PCB मैन्युफैक्चरिंग में 1.1% निवेश है।
इसमें NVIDIA, Broadcom, ASML, Applied Materials, Cadence, TSMC और GlobalFoundries जैसी कंपनियां शामिल हैं।
डेटा सेंटर और नेटवर्किंग पर भी फोकस
फंड ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सेक्टर्स में 17.9% निवेश किया है। इसमें कंप्यूटिंग की हिस्सेदारी 7.2%, नेटवर्किंग की 5.1%, मेमोरी की 3.5% और पावर की 2.1% है।
फंड के प्रेजेंटेशन के मुताबिक, 2026 में डेटा सेंटर सिस्टम पर खर्च 62.5% बढ़ने का अनुमान है। वहीं ऑप्टिकल ट्रांसीवर मार्केट में 65% ग्रोथ की उम्मीद है।
AI आधारित डेटा सेंटर में बिजली की जरूरत तीन गुना होने की संभावना है। इसके अलावा 2030 तक डेटा सेंटर की बिजली खपत में भी काफी बढ़ोतरी हो सकती है।

सॉफ्टवेयर और साइबर सिक्योरिटी में भी निवेश
फंड सिर्फ सेमीकंडक्टर कंपनियों पर निर्भर नहीं है। इसके पोर्टफोलियो में एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और डेटा की हिस्सेदारी 18.4% है। वहीं साइबर सिक्योरिटी और एज टेक्नोलॉजी में 10.1% निवेश किया गया है।
31 अगस्त 2026 तक अंडरलाइंग जेपी मॉर्गन यूएस टेक्नोलॉजी फंड में कुल 68 शेयर थे। इसका एक्टिव शेयर 72% था। प्रमुख होल्डिंग्स में पालो ऑल्टो नेटवर्क्स, एनवीडिया, ब्रॉडकॉम, सेल्सफोर्स, क्राउडस्ट्राइक, माइक्रोसॉफ्ट और स्नोफ्लेक शामिल थे।
Nasdaq-100 से कितना अलग है फंड?
फंड की निवेश रणनीति Nasdaq-100 से अलग है। पोर्टफोलियो का वेट के आधार पर करीब 38% हिस्सा ही Nasdaq-100 से मेल खाता है। साथ ही Magnificent Seven कंपनियों में इसका निवेश भी तुलनात्मक रूप से कम है।
भारतीय निवेशकों के लिए यह फंड AI चिप डिजाइन, सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट और बड़े क्लाउड प्लेटफॉर्म जैसे टेक्नोलॉजी सेक्टर्स में निवेश का मौका देता है, जिनकी भारतीय शेयर बाजार में मौजूदगी सीमित है।

