Daily vs Monthly SIP: किसमें मिलेगा ज्यादा फायदा? निवेश शुरू करने से पहले जानिए पूरा फर्क
डेली SIP का चलन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन क्या रोज निवेश करने से मंथली SIP के मुकाबले ज्यादा रिटर्न मिलता है? फोनपे की रिपोर्ट बताती है कि निवेश का सही तरीका आपकी कमाई और सुविधा पर निर्भर करता है, जबकि लंबी अवधि में नियमित निवेश सबसे ज्यादा अहम है।

In Short
- दिसंबर 2025 से अब तक पांच लाख से ज्यादा निवेशकों ने डेली SIP को चुना
- जनवरी से जून 2026 के बीच डेली SIP ट्रांजैक्शन करीब पांच गुना बढ़े
- एक्सपर्ट्स के मुताबिक डेली और मंथली SIP का लंबी अवधि का रिटर्न लगभग समान हो सकता है
Daily SIP vs Monthly SIP: लंबे समय में पैसा जोड़ने के लिए SIP लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई है। SIP में एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय तय समय पर थोड़े-थोड़े पैसे म्यूचुअल फंड में लगाए जाते हैं।
अब तक ज्यादातर लोग मंथली SIP चुनते रहे हैं, लेकिन अब कई फिनटेक प्लेटफॉर्म डेली SIP को भी बढ़ावा दे रहे हैं। फोनपे म्यूचुअल फंड्स की एक रिपोर्ट के बाद डेली और मंथली SIP को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2025 में डेली SIP शुरू होने के बाद पांच लाख से ज्यादा लोगों ने इसे चुना है। हालांकि जानकारों का कहना है कि लंबे समय में पैसा बनाने के लिए यह ज्यादा जरूरी है कि निवेश लगातार किया जाए और लंबे समय तक जारी रखा जाए। रोज, हफ्ते या महीने में निवेश करने से रिटर्न में बहुत बड़ा फर्क जरूरी नहीं होता।
तेजी से बढ़ रही डेली SIP
फोनपे की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से जून 2026 के बीच डेली SIP से होने वाले निवेश करीब पांच गुना बढ़ गए। इसमें लोग औसतन 50 रुपये रोज निवेश कर रहे थे।
ये खबर पढ़ना न भूलें: कम समय के लिए निवेश करना चाहते हैं? ओवरनाइट फंड में पैसा लगाने से पहले जान लें इसके फायदे, जोखिम और टैक्स नियम
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि डेली SIP करने वाले 77 प्रतिशत से ज्यादा लोग टियर-2 और टियर-3 शहरों से हैं। इससे पता चलता है कि छोटे शहरों में भी कम रकम से निवेश करने का चलन बढ़ रहा है। फोनपे म्यूचुअल फंड्स पर डेली SIP की शुरुआत 10 रुपये रोज से की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर इसे बिना जुर्माने के बंद भी किया जा सकता है।
डेली वीकली और मंथली SIP में फर्क
मंथली SIP में महीने में एक बार निवेश किया जाता है। इस तरह एक साल में 12 बार पैसा लगता है। यह नौकरी करने वाले लोगों के लिए आसान रहता है, क्योंकि उन्हें आमतौर पर महीने में एक बार सैलरी मिलती है। वीकली SIP में हर हफ्ते निवेश होता है। इसमें एक साल में करीब 52 बार पैसा लगाया जाता है।
डेली SIP में हर कारोबारी दिन निवेश किया जाता है। इस तरह एक साल में 250 से ज्यादा बार पैसा लगाया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई व्यक्ति महीने में 3,000 रुपये लगाता है, तो वह एक साथ 3,000 रुपये लगाने के बजाय हर कारोबारी दिन करीब 100 रुपये भी लगा सकता है।
क्या डेली SIP से ज्यादा फायदा मिलता है?
डेली SIP में पैसा बाजार के अलग-अलग स्तरों पर लगाया जाता है। बाजार नीचे होने पर ज्यादा यूनिट और ऊपर होने पर कम यूनिट मिलती हैं। इससे बाजार के छोटे उतार-चढ़ाव का असर कुछ हद तक कम हो सकता है। फिर भी जानकारों का कहना है कि लंबे समय में डेली, वीकली और मंथली SIP से मिलने वाला फायदा लगभग एक जैसा हो सकता है।
शेयर बाजार का रिटर्न कंपनियों की कमाई, देश की आर्थिक हालत और निवेश की अवधि पर ज्यादा निर्भर करता है। इसलिए निवेशक को वही SIP चुननी चाहिए जो उसकी कमाई और सुविधा के हिसाब से ठीक बैठे।
रोज, हफ्ते या महीने में निवेश करने से ज्यादा जरूरी है कि निवेश लगातार चलता रहे और बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच बंद न हो।

