
Zomato का बड़ा फैसला, एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने वाले रेस्तरां पर होगी कार्रवाई
Zomato ने एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स को लेकर बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले रेस्तरां के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। ग्राहकों को असली और एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स की जानकारी देने के लिए प्लेटफॉर्म पर नियम कड़े किए गए हैं।

In Short
- Zomato ने एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने वाले रेस्तरां के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है।
- कंपनी ने जानकारी देने वाले रेस्तरां के एनालॉग डेयरी से जुड़े आइटम प्लेटफॉर्म से हटा दिए हैं।
- महाराष्ट्र और कर्नाटक में एनालॉग पनीर पर कार्रवाई के बाद अब कई राज्यों में बैन की तैयारी चल रही है।
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato ने एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स को लेकर सख्त कदम उठाया है। कंपनी ने साफ कहा है कि उसके प्लेटफॉर्म पर ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले रेस्तरां के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। जिन रेस्तरां पार्टनर्स ने अपने खाने में एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल की जानकारी दी है, उनके ऐसे आइटम को तुरंत प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है।
रेस्तरां को हटाने होंगे एनालॉग प्रोडक्ट्स
जोमैटो ने कहा है कि अब रेस्तरां पार्टनर्स को अपने खाने में केवल शुद्ध डेयरी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना होगा। उन्हें एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स को हटाना होगा। अगर कोई रेस्तरां पार्टनर ऐसा नहीं करता है तो उसे जोमैटो के प्लेटफॉर्म से हटाया जा सकता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: आसान नहीं होगी HDFC Bank के नए सीईओ की राह...ग्रोथ, डिपॉजिट और गवर्नेंस समेत इन मोर्चों पर होगी परीक्षा
कंपनी का यह कदम ग्राहकों को खाने में इस्तेमाल होने वाली चीजों की सही जानकारी देने की दिशा में उठाया गया है। दरअसल, कई बार ग्राहकों को यह पता नहीं होता कि उनके खाने में इस्तेमाल होने वाला डेयरी प्रोडक्ट असली है या एनालॉग।
क्या होते हैं एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स?
एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स ऐसे उत्पाद होते हैं जिनका स्वाद और इस्तेमाल दूध से बने उत्पादों जैसा होता है, लेकिन इन्हें बनाने में असली दूध की जगह तेल और स्टार्च जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट जहरीला या मिलावटी होता है। परेशानी तब होती है जब ग्राहकों को बिना जानकारी दिए ऐसे प्रोडक्ट्स से बनी चीजें असली डेयरी उत्पाद बताकर दी जाती हैं।
खाने में इस्तेमाल होने वाली चीजों को लेकर बढ़ी चिंता
बाहर मिलने वाले कई खाद्य पदार्थों जैसे सैंडविच, मिठाई और दूसरे व्यंजनों में चीज, क्रीम, बटर और अन्य डेयरी उत्पादों का इस्तेमाल किया जाता है। अगर इनमें इस्तेमाल होने वाली चीजों की सही जानकारी ग्राहक को नहीं मिले तो उसके लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि वह वास्तव में क्या खा रहा है।
इसी वजह से एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स को लेकर सवाल उठ रहे हैं और जोमैटो ने अपने प्लेटफॉर्म पर इन्हें लेकर सख्ती दिखाई है।
कई राज्यों में एनालॉग पनीर पर कार्रवाई
कुछ समय पहले महाराष्ट्र और कर्नाटक में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया गया था। आरोप था कि कई जगह दुकानदार ग्राहकों को ऐसा पनीर उपलब्ध करा रहे थे, लेकिन यह जानकारी नहीं दे रहे थे कि वह असली है या एनालॉग।
इसके बाद अब देश के कई अन्य राज्यों में भी एनालॉग पनीर पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। ऐसे में जोमैटो का यह कदम भी इसी दिशा में उठाया गया एक बड़ा फैसला माना जा रहा है।

