
US Visa प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए क्यों बढ़ी चिंता?
अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए वीजा प्रक्रिया में नई चुनौतियां सामने आई हैं। अपॉइंटमेंट में देरी, बढ़ती जांच और H-1B नियमों में बदलाव से अनिश्चितता बढ़ी है। हालांकि, F-1 और H-1B वीजा पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई है।

In Short
- अमेरिका ने वीजा प्रक्रिया में बढ़ाई जांच भारतीय आवेदकों की बढ़ी चिंता
- H-1B नियमों में बदलाव से भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए बढ़ीं चुनौतियां
- F-1 छात्रों के लिए भी बदल रहा अमेरिका का इमिग्रेशन सिस्टम
अमेरिका में पढ़ाई, नौकरी या लंबे समय तक बसने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए नई चुनौती सामने आई है। अमेरिकी वीजा प्रक्रिया में कुछ बदलावों और अपॉइंटमेंट में देरी की वजह से कई आवेदकों को अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इसे F-1 स्टूडेंट या H-1B वर्क वीजा पर पूरी तरह रोक नहीं माना जा रहा है।
वीजा अपॉइंटमेंट में देरी से बढ़ी परेशानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी दूतावासों में कुछ इमिग्रेंट वीजा अपॉइंटमेंट को दोबारा तय किया जा रहा है। इसकी वजह अमेरिकी कांसुलर अधिकारियों की नई ट्रेनिंग बताई जा रही है।
इससे उन लोगों की चिंता बढ़ गई है जिन्हें यूनिवर्सिटी जॉइन करनी है या नौकरी के लिए अमेरिका जाना है। हालांकि, अधिकारियों की ट्रेनिंग के कारण हुई यह देरी सभी तरह के वीजा पर रोक नहीं है।
भारतीयों पर क्यों पड़ रहा ज्यादा असर
अमेरिका की वीजा व्यवस्था में भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स की बड़ी हिस्सेदारी है। हाल के वर्षों में H-1B वीजा मंजूरियों में भारतीय नागरिकों की हिस्सेदारी काफी ज्यादा रही है। वहीं, अमेरिका में पढ़ने वाले विदेशी छात्रों में भी भारतीय छात्रों की संख्या सबसे अधिक है।

कई भारतीय छात्रों के लिए अमेरिका की पढ़ाई और नौकरी का रास्ता F-1 वीजा से शुरू होकर आगे H-1B तक जाता है। ऐसे में वीजा प्रक्रिया में कोई भी बदलाव उनकी योजनाओं को प्रभावित कर सकता है।
H-1B वीजा का रास्ता हुआ ज्यादा चुनौतीपूर्ण
भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स के लिए H-1B वीजा पहले से ही चर्चा में है। अमेरिका में H-1B सिस्टम को लेकर नियमों में सख्ती बढ़ाई जा रही है।
नए प्रस्तावित शुल्क, ज्यादा जांच और चयन प्रक्रिया में बदलाव की वजह से कंपनियां अब कर्मचारियों को स्पॉन्सर करने में ज्यादा सावधानी बरत सकती हैं। इससे कुछ प्रोफेशनल्स के लिए अमेरिका जाने का फैसला और मुश्किल हो सकता है।
F-1 छात्रों के लिए भी बदल रहा सिस्टम
अमेरिका में पढ़ने वाले छात्रों के लिए भी नियमों में बदलाव की तैयारी है। F-1 वीजा से जुड़े नियमों में ज्यादा निगरानी और कुछ अतिरिक्त प्रक्रियाओं की बात सामने आई है।
हालांकि, OPT और STEM OPT जैसे विकल्प अभी जारी हैं, जो छात्रों को पढ़ाई के बाद अमेरिका में काम करने का मौका देते हैं। लेकिन छात्रों को अब अपनी टाइमलाइन और वीजा प्रक्रिया की ज्यादा सावधानी से योजना बनानी होगी।
अमेरिका का आकर्षण बरकरार लेकिन चुनौतियां बढ़ीं
जानकारों का कहना है कि अमेरिका अभी भी भारतीय छात्रों और टेक प्रोफेशनल्स के लिए बड़ा विकल्प बना हुआ है। लेकिन अब सिर्फ एडमिशन या जॉब ऑफर मिलना काफी नहीं होगा।
वीजा नियम, संभावित खर्च, जांच प्रक्रिया और समयसीमा को ध्यान में रखकर आगे की योजना बनानी होगी। मौजूदा स्थिति में घबराने के बजाय सही जानकारी और बेहतर तैयारी के साथ कदम उठाना जरूरी है।

