
अमेरिका में फिर खड़ा हो सकता है कर्ज का संकट! जानें शेयर बाजार और आपके निवेश पर क्या होगा असर
अमेरिका में 2027 के दौरान कर्ज को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है, जिसका असर भारत समेत दुनियाभर के बाजारों पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में सोना निवेशकों के लिए कितना सुरक्षित रहेगा? क्या भारतीय शेयर बाजार में गिरावट आएगी? जानिए एक्सपर्ट्स क्या संकेत दे रहे हैं।

In Short
- अमेरिका में 2027 में Debt Ceiling को लेकर बड़ा टकराव होने की आशंका, ग्लोबल मार्केट में बढ़ सकती है हलचल।
- JP Morgan का अनुमान, साल के आखिर तक सोना 6,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।
- अमेरिकी संकट से भारतीय शेयर बाजार और रुपये पर बढ़ सकता है दबाव, विदेशी निवेशकों की बिकवाली का खतरा।
अमेरिका में एक बार फिर कर्ज को लेकर बड़ा संकट खड़ा होने की आशंका है। अगर ऐसा हुआ तो इसका असर सिर्फ अमेरिकी बाजार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारत समेत दुनियाभर के निवेशकों की चिंता बढ़ सकती है। ऐसे में सवाल है कि सोना, डॉलर, बॉन्ड और शेयर बाजार में से कौन निवेशकों को राहत दे सकता है? आइए समझते हैं कि आने वाले दिनों में किस पर कैसा असर पड़ सकता है।
अमेरिका में 2027 में क्यों बढ़ सकता है संकट?
Fitch Solutions की BMI रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद 2027 में कर्ज की सीमा यानी Debt Ceiling को लेकर टकराव बढ़ सकता है। जनवरी 2027 से कांग्रेस के दोनों सदनों पर डेमोक्रेट्स का कंट्रोल होने से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों पर रोक लग सकती है।
ट्रंप के पास एग्जीक्यूटिव पावर बनी रहेगी, लेकिन सरकारी खर्च और कर्ज बढ़ाने को लेकर विवाद हो सकता है। फिलहाल 11 दिसंबर को सरकारी फंडिंग की डेडलाइन है। माना जा रहा है कि फिलहाल शॉर्ट टर्म फंडिंग का रास्ता निकाला जा सकता है। BMI के मुताबिक, विवाद लंबा खिंचने और बॉन्ड यील्ड ऊंची रहने से बाजार में उथल-पुथल बढ़ सकती है।
सोने में निवेश करने वालों को होगा फायदा?
अनिश्चितता के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है। 9 नवंबर को कमजोर डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से सोने को सपोर्ट मिला।इंटरनेशनल मार्केट में सोना 0.74% बढ़कर 4,100.38 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.13% चढ़कर 52.54 डॉलर पर पहुंची।
भारत में MCX पर दिसंबर गोल्ड फ्यूचर्स 0.71% बढ़कर ₹1,43,547 प्रति 10 ग्राम और सिल्वर फ्यूचर्स 1.12% चढ़कर ₹1,87,180 प्रति किलो पहुंच गए।

JP Morgan के मुताबिक, साल के आखिर तक सोना 6,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। यह सोमवार के स्तर से करीब 46% तेजी होगी। हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है।
डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड पर क्या असर पड़ेगा?
अमेरिका में कर्ज का विवाद बढ़ने पर बॉन्ड मार्केट में उतार-चढ़ाव आ सकता है। शेयर बाजार गिरने पर निवेशक लंबी अवधि के सरकारी बॉन्ड खरीद सकते हैं, जिससे उनकी यील्ड घट सकती है।
वहीं, पेमेंट में देरी की आशंका से डेडलाइन के आसपास मैच्योर होने वाले ट्रेजरी बिल्स पर दबाव बढ़ सकता है। डॉलर कमजोर भी हो सकता है, लेकिन सुरक्षित डॉलर की डिमांड बढ़ने पर इसमें मजबूती भी आ सकती है।
भारतीय शेयर बाजार में आएगी गिरावट?
अमेरिका में संकट गहराने पर विदेशी निवेशक भारत जैसे इमर्जिंग मार्केट से पैसा निकाल सकते हैं। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से रुपये और भारतीय शेयरों पर दबाव पड़ सकता है।खासकर महंगे वैल्यूएशन वाले शेयरों में बिकवाली बढ़ सकती है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी बाजार को कुछ सहारा दे सकती है।
निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ अमेरिकी संकट की आशंका में सोने की बड़ी खरीदारी करना सही रणनीति नहीं होगी। फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरें, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और मजबूत डॉलर सोने की तेजी रोक सकते हैं।
ऐसे में निवेशक अपने पोर्टफोलियो में गोल्ड, इक्विटी और डेट का बैलेंस बनाए रख सकते हैं। नया निवेश एकमुश्त करने के बजाय धीरे-धीरे करना बेहतर विकल्प हो सकता है।

