scorecardresearch

US-Canada में फिर छिड़ी टैरिफ जंग! कनाडा ने 700 से ज्यादा अमेरिकी सामानों पर लगाया 50% तक टैरिफ

अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ता ट्रेड तनाव अब टैरिफ वॉर में बदलता दिख रहा है। ट्रंप के फैसले के बाद कनाडा ने भी बड़ा पलटवार किया है। आखिर किन अमेरिकी सामानों पर बढ़ा शुल्क और दोनों देशों के बीच क्यों बढ़ी यह तनातनी? जानिए पूरी कहानी।

Advertisement

In Short

  • अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ी टैरिफ जंग, सैकड़ों अमेरिकी सामानों पर लगा शुल्क
  • कनाडा ने 700 से ज्यादा अमेरिकी उत्पादों पर लगाया 50% तक टैरिफ
  • ट्रंप ने भी कनाडाई सामानों पर अतिरिक्त शुल्क और प्रतिबंध लगाने का दिया संकेत

दुनिया में एक बार फिर ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका और कनाडा के बीच टैरिफ को लेकर तनाव काफी बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडाई सामानों पर अतिरिक्त 50 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, जिसके जवाब में कनाडा ने भी बड़ा कदम उठाया है।

advertisement

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा ने 700 से ज्यादा अमेरिकी उत्पादों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लागू कर दिया है। ये नए शुल्क मंगलवार 8 सितंबर से प्रभावी हो गए हैं।

बातचीत फेल होने के बाद लिया गया फैसला

अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता सफल नहीं हो पाई थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच टैरिफ की लड़ाई शुरू हो गई। कनाडा ने अमेरिकी सामानों की बड़ी रेंज पर 15 फीसदी से लेकर 50 फीसदी तक शुल्क लगाया है।

इन टैरिफ की कुल कीमत करीब 27.6 अरब कनाडाई डॉलर बताई जा रही है। इसमें डेयरी प्रोडक्ट्स, कृषि उपकरण, पेपर, घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे सामान शामिल हैं। 

Image Credit: AAJ TAK

स्टील और एल्युमीनियम पर भी बढ़ा शुल्क

कनाडा ने अमेरिकी स्टील, एल्युमीनियम और लोहे से जुड़े उत्पादों पर शुल्क बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा फर्नीचर, मोटरसाइकिल, कपड़े और कुछ ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी ज्यादा टैरिफ वाले सामानों की सूची में शामिल हैं।

कनाडा ने अपने इस कदम को अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ का जवाब बताया है। कनाडा के मुताबिक, इस फैसले का उद्देश्य अपने श्रमिकों, उत्पादकों और मैन्युफैक्चरर्स को सुरक्षा देना है।

ट्रंप ने भी दिया जवाब

कनाडा के टैरिफ लगाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कनाडा पर अमेरिका के साथ व्यापार में भेदभाव करने का आरोप लगाया।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका 15 सितंबर से मौजूदा 50 फीसदी टैरिफ को और ज्यादा कनाडाई उत्पादों तक बढ़ाएगा। इसके अलावा 29 सितंबर से कई कनाडाई डेयरी उत्पादों, मोटरसाइकिलों और अल्कोहलिक पदार्थों के आयात पर प्रतिबंध लगाने की बात भी कही गई है।

अमेरिका और कनाडा के बीच कितना कारोबार?

अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार काफी बड़ा है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में अमेरिका ने कनाडा को 333.6 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया था।

वहीं, अमेरिका ने कनाडा से 381.9 अरब डॉलर मूल्य का सामान आयात किया। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, वाहन, भारी मशीनरी, विमान, फार्मास्यूटिकल्स, फर्नीचर, कपड़े और खाद्य-पेय पदार्थों जैसे कई सेक्टर में कारोबार होता है।

advertisement