हैदराबाद में ट्रंप टावर्स का ऐलान, 65 मंजिल के इस टावर में क्या है खास?
हैदराबाद में लग्जरी रियल एस्टेट का बड़ा प्रोजेक्ट सामने आया है। कोकापेट के गोल्डन माइल रोड पर ट्रंप टावर्स बनाने की घोषणा की गई है। दो ऊंचे टावर, सैकड़ों लग्जरी घर और करोड़ों रुपये की कीमत वाला यह प्रोजेक्ट अक्टूबर में औपचारिक लॉन्च की ओर बढ़ रहा है।

In Short
- ट्रंप टावर्स हैदराबाद में दो 65 मंजिला टावर होंगे, जिनकी ऊंचाई करीब 800 फीट होगी।
- प्रोजेक्ट में 450 से ज्यादा रेजिडेंस होंगे, जिनकी कीमत ₹5 करोड़ से ₹18 करोड़ तक होगी।
- ₹1,800 करोड़ की लागत वाले प्रोजेक्ट की रेवेन्यू क्षमता कम से कम ₹3,500 करोड़ बताई गई है।
Trump Towers Hyderabad: हैदराबाद में ट्रंप ब्रांड के लग्जरी घरों का नया प्रोजेक्ट आने वाला है। ट्रिबेका डेवलपर्स ने मंगलवार को इरा रियल्टी के साथ मिलकर ट्रंप टावर्स हैदराबाद की घोषणा की। यह प्रोजेक्ट कोकापेट के गोल्डन माइल रोड पर 4 एकड़ में बनाया जाएगा। इसका औपचारिक लॉन्च अक्टूबर में होने की उम्मीद है और इसमें एरिक ट्रंप शामिल होंगे।
65 मंजिल की होंगी दोनों टावर
ट्रंप टावर्स हैदराबाद में 65 मंजिल की दो कांच की इमारतें होंगी। दोनों टावर जमीन से करीब 800 फीट ऊंचे होंगे। इन्हें 28वीं मंजिल पर एक सस्पेंडेड स्काई ब्रिज से जोड़ा जाएगा। इसी ब्रिज पर ट्रंप क्लब बनाया जाएगा।
450 से ज्यादा लग्जरी घर होंगे
प्रोजेक्ट में 450 से ज्यादा रेजिडेंस होंगे। इनमें 3.5 बीएचके और 4 बीएचके घर शामिल होंगे। इनकी कीमत 5 करोड़ रुपये से शुरू होगी और पेंटहाउस की कीमत 18 करोड़ रुपये तक जाएगी।
1,800 करोड़ रुपये में बनेगा प्रोजेक्ट
ट्रिबेका डेवलपर्स के फाउंडर कल्पेश मेहता के मुताबिक, प्रोजेक्ट को बनाने में 1,800 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसकी कम से कम 3,500 करोड़ रुपये की रेवेन्यू क्षमता है।
मेहता ने बताया कि प्रोजेक्ट में शुरुआत में आठ पेंटहाउस थे। इसके बाद एक परिवार ने दो पूरे फ्लोर खरीद लिए, जिससे चार पेंटहाउस कम हो गए। इसके बावजूद टीम ने चार अतिरिक्त पेंटहाउस तैयार किए और वे भी बिक चुके हैं।
कई शहरों में पहुंच चुका है ट्रंप ब्रांड
पिछले 12 साल में ट्रंप ब्रांड के प्रोजेक्ट मुंबई, पुणे, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता में लॉन्च किए जा चुके हैं। अब हैदराबाद में पहली बार ट्रंप ब्रांड के घर लाए जा रहे हैं।
रेरा रजिस्ट्रेशन पूरा, ईओआई शुरू
ट्रंप टावर्स हैदराबाद को पहले ही रेरा रजिस्ट्रेशन मिल चुका है। अब एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट यानी ईओआई खुले हैं। डेवलपर के मुताबिक, शुरुआती रजिस्ट्रेशन कराने वालों को प्रोजेक्ट के औपचारिक बिक्री लॉन्च से पहले प्राथमिकता के आधार पर घर आवंटित किए जाएंगे।
एरिक ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एरिक ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे दिलचस्प लग्जरी रियल एस्टेट बाजारों में बना हुआ है और हैदराबाद में पहली बार ट्रंप ब्रांड लाने की खुशी है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद भारत के सबसे तेजी से बढ़ते शहरों में से एक है और उन्हें भरोसा है कि ट्रंप टावर्स हैदराबाद शहर के प्रमुख पतों में से एक बनेगा।

