Tata ग्रुप की 6 कंपनियों के बोर्ड से हटेंगे नोएल टाटा? 12 नवंबर को क्या होगा बदलाव, जानें पूरा मामला
टाटा ग्रुप में 12 नवंबर को बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नोएल टाटा के छह बड़ी कंपनियों के बोर्ड से हटने की चर्चा तेज है। इसी बीच एन चंद्रशेखरन के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर इन घटनाक्रमों के पीछे क्या वजह है और आगे क्या होगा?

In Short
- नोएल टाटा 12 नवंबर को 70 साल के होंगे, छह कंपनियों के बोर्ड से हटने की चर्चा।
- ट्रेंट, वोल्टास, टाटा स्टील और टाइटन समेत छह कंपनियों में बदल सकती हैं उनकी जिम्मेदारियां।
- एन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल को लेकर मतभेद, नोएल टाटा ने मांगे बैठक के रिकॉर्ड।
टाटा ग्रुप में जल्द ही नेतृत्व से जुड़ा बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा 12 नवंबर को 70 साल के हो जाएंगे। चर्चा है कि इसके बाद वह टाटा ग्रुप की छह कंपनियों के बोर्ड से हट सकते हैं। इनमें ट्रेंट, वोल्टास, टाटा स्टील और टाइटन जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। हालांकि, नोएल टाटा का टाटा संस के बोर्ड में बने रहना जारी रहेगा। यह बदलाव ऐसे समय हो सकता है, जब टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल को लेकर मतभेद सामने आए हैं।
किन 6 कंपनियों से हट सकते हैं नोएल टाटा?
टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के मुताबिक, नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स की रिटायरमेंट उम्र 70 साल है। इसी नियम के चलते नोएल टाटा के छह कंपनियों के बोर्ड से हटने की चर्चा है।
इनमें ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इंटरनेशनल और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन शामिल हैं, जहां वह नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं। वहीं, टाटा स्टील और टाइटन में वह नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरमैन हैं।
हालांकि, वह ट्रेंट और ब्रिटेन की टेस्को के जॉइंट वेंचर ट्रेंट हाइपरमार्केट से जुड़े रहेंगे। यह कंपनी स्टार बाजार और स्टार डेली जैसे रिटेल स्टोर चलाती है।
चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल पर क्यों विवाद?
नोएल टाटा के संभावित रिटायरमेंट के बीच टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
टाटा संस के बोर्ड ने 17 सितंबर को चंद्रशेखरन को पांच साल का नया कार्यकाल देने की मंजूरी दी थी। यह कार्यकाल फरवरी 2027 से फरवरी 2032 तक प्रस्तावित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नोएल टाटा ने इस फैसले का विरोध किया था, जबकि टाटा ट्रस्ट्स के दूसरे नॉमिनी डायरेक्टर वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया था।
नोएल टाटा ने क्यों मांगी बैठक की रिकॉर्डिंग?
नोएल टाटा ने 26 अक्टूबर को टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय को पत्र लिखकर 17 सितंबर की बैठक के मिनट्स, वोटिंग रिकॉर्ड और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि चंद्रशेखरन की नियुक्ति के लिए कंपनी के नियमों के मुताबिक जरूरी मंजूरियां ली गई थीं या नहीं।
टाटा संस में बनी रहेगी अहम भूमिका
टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में करीब 66% हिस्सेदारी है। नोएल टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन होने के साथ टाटा संस में नॉमिनी डायरेक्टर भी हैं।
इसलिए छह कंपनियों से हटने के बावजूद टाटा संस में उनकी भूमिका जारी रहेगी। हालांकि, संबंधित कंपनियों में चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन पदों के लिए नई व्यवस्था करनी होगी।
टाटा संस की लिस्टिंग पर भी मतभेद
टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर भी मतभेद हैं। टाटा ट्रस्ट्स लिस्टिंग के पक्ष में नहीं है। वहीं, RBI की ओर से टाटा संस को अपर-लेयर NBFC के तौर पर क्लासिफाइड किए जाने के कारण रेगुलेटरी नियम भी अहम हैं।
इसके अलावा, चंद्रशेखरन जून 2028 में 65 साल के हो जाएंगे। ऐसे में उनके प्रस्तावित कार्यकाल और ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी को लेकर भी सवाल बने हुए हैं।


