scorecardresearch

विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदने का बढ़ा क्रेज! 61% भारतीयों की नजर किराए से कमाई और बढ़ती कीमतों पर, रिपोर्ट में खुलासा

विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदने का क्रेज भारतीयों के बीच तेजी से बढ़ रहा है। कोई किराए से कमाई करना चाहता है, तो कोई भविष्य में मोटा मुनाफा कमाने की तैयारी में है। एक नई रिपोर्ट में भारतीय खरीदारों की पसंद, बजट और निवेश को लेकर कई दिलचस्प बातें सामने आई हैं।

Advertisement

In Short

  • 61% भारतीय विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदकर किराए से कमाई और कीमत बढ़ने पर मुनाफा कमाना चाहते हैं।
  • 85% खरीदार विदेशी प्रॉपर्टी में 2.5 लाख से 10 लाख डॉलर तक निवेश करने की तैयारी में हैं।
  • - विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए भारतीयों ने FY2025-26 में 64% ज्यादा पैसा भेजा।

भारत में अब लोग सिर्फ अपने देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी प्रॉपर्टी खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कोई किराए से हर महीने कमाई करना चाहता है, तो कोई भविष्य में प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ने का फायदा उठाना चाहता है। विदेशों में घर खरीदने के पीछे कई और वजहें भी सामने आई हैं। आखिर भारतीय कहां प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं, कितना पैसा लगाने की तैयारी में हैं और किस तरह के घर पसंद कर रहे हैं? आइए पूरी रिपोर्ट समझते हैं।

advertisement

61% भारतीय क्यों खरीदना चाहते हैं विदेशी प्रॉपर्टी?

नाइट फ्रैंक इंडिया और IREX की 22 अक्टूबर 2026 को जारी Keys Beyond Borders रिपोर्ट के मुताबिक, 61% लोगों का मकसद विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदकर किराए से कमाई करना और भविष्य में उसकी कीमत बढ़ने पर फायदा पाना है।

विदेशों की प्रॉपर्टी में कितना पैसा लगा रहे हैं भारतीय?

सर्वे के मुताबिक, लोगों की कुल संपत्ति का 13% हिस्सा विदेशी रियल एस्टेट में लगा है। करीब 10 साल पहले यह आंकड़ा 5% था। वहीं, भारतीय रियल एस्टेट में 32%, फिक्स्ड इनकम में 20%, दूसरे निवेश विकल्पों में 18% और शेयरों में 17% पैसा लगा है। यानी कुल 45% निवेश प्रॉपर्टी में है।

कितने लोगों के पास पहले से विदेशी प्रॉपर्टी?

रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में शामिल 84% लोगों के पास पहले से विदेशों में प्रॉपर्टी है। वहीं, 16% पहली बार खरीदने की तैयारी में हैं। गोल्डन वीजा और रेजिडेंसी के मौके भी खरीदारी की बड़ी वजह हैं। इसके अलावा बिजनेस बढ़ाना, टैक्स बेनिफिट, बच्चों की पढ़ाई, बेहतर लाइफस्टाइल और करेंसी में बदलाव से होने वाले जोखिम को कम करना भी अहम कारण हैं।

किन देशों में घर खरीदना चाहते हैं भारतीय?

भारतीय खरीदारों की पसंद में UAE, ग्रीस, थाईलैंड, पुर्तगाल, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया का बाली, कनाडा और मलेशिया शामिल हैं। इसके अलावा जॉर्जिया, साइप्रस, माल्टा और लातविया में भी दिलचस्पी बढ़ रही है।

प्रॉपर्टी खरीदने का कितना है बजट?

सर्वे में 85% लोग विदेशी प्रॉपर्टी में 2.5 लाख से 10 लाख डॉलर तक निवेश करना चाहते हैं। करीब 69% की पसंद अपार्टमेंट और कॉन्डोमिनियम हैं। वहीं, 26% विला और टाउनहाउस, 4% पेंटहाउस और 1% ब्रांडेड रेजिडेंस पसंद करते हैं।

कितने बड़े घर खरीदना चाहते हैं लोग?

करीब 76% खरीदार 1,500 से 2,500 वर्ग फुट के घर चाहते हैं। इनमें 49% की पसंद 2,000 से 2,500 वर्ग फुट और 27% की पसंद 1,500 से 2,000 वर्ग फुट की प्रॉपर्टी है।

विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदने वाले कौन हैं?

विदेशी प्रॉपर्टी खरीदने में दिलचस्पी रखने वालों में 53% बिजनेस मालिक, ट्रेडर्स और उद्योगपति हैं। वहीं, 30% नौकरीपेशा और कॉर्पोरेट अधिकारी हैं, जिनकी हिस्सेदारी 10 साल पहले 7% थी। पहली पीढ़ी के उद्यमी 11% हैं। करीब 76% लोगों की उम्र 35 से 50 साल है।

विदेश प्रॉपर्टी के लिए भेजा गया पैसा 64% बढ़ा

वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीयों ने विदेशों में प्रॉपर्टी के लिए 528.70 मिलियन डॉलर भेजे। यह पिछले वित्त वर्ष के 322.82 मिलियन डॉलर से 64% ज्यादा है। यह रकम लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के कुल आउटफ्लो का करीब 1.8% रही, जबकि कुल LRS आउटफ्लो लगभग 2% घटा।

advertisement