भारत में 50% से भी कम खेती में मशीनों का इस्तेमाल! महिंद्रा ने बताया कैसे AI बदल सकता है किसानों की किस्मत
भारत दुनिया का सबसे बड़ा ट्रैक्टर बाजार है, लेकिन खेती में मशीनों का इस्तेमाल अभी भी विकसित देशों से काफी पीछे है। किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में महिंद्रा के विजय नाकरा ने बताया कि AI, स्मार्ट ट्रैक्टर और नई कृषि तकनीक किसानों की कई बड़ी परेशानियां दूर कर सकती हैं। जानिए खेती के भविष्य को लेकर उन्होंने क्या कहा।

भारत में खेती को आसान बनाने और किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए नई तकनीक अहम भूमिका निभा सकती है। किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्मार्ट ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि मशीनें आने वाले समय में खेती का तरीका बदल सकती हैं।
भारत में 50% से भी कम खेती में मशीनों का इस्तेमाल
विजय नाकरा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा ट्रैक्टर बाजार है। इसके बावजूद देश में खेती के मशीनीकरण का स्तर 50 फीसदी से भी कम है। वहीं, विकसित देशों में यह करीब 90 फीसदी है।
उन्होंने बताया कि भारत में प्रति हेक्टेयर कृषि उत्पादन भी कई दूसरी कृषि अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले कम है।
ऐसे में मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाकर खेती को आसान, सुरक्षित और ज्यादा उत्पादक बनाया जा सकता है।
AI और स्मार्ट ट्रैक्टर कैसे बदलेंगे खेती?
नाकरा के मुताबिक, AI, डेटा और नई तकनीक किसानों को अंदाजे के बजाय सही जानकारी के आधार पर फैसले लेने में मदद कर सकती हैं।
AI आधारित तकनीक से किसानों को मिट्टी की सेहत की जानकारी मिल सकती है। फसलों में बीमारी फैलने से पहले उसका पता लगाने और पानी का सही इस्तेमाल करने में भी मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि कंपनियां बिना ड्राइवर चलने वाले ट्रैक्टर, स्मार्ट कृषि मशीनों और कम कीमत वाले एसी ट्रैक्टर केबिन जैसी तकनीकों पर काम कर रही हैं।
पराली जलाने और पानी की समस्या का समाधान?
विजय नाकरा ने खेती में पानी की कमी, पराली जलाने और मिट्टी की खराब होती सेहत पर भी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि जीरो टिल तकनीक से फसल के बचे अवशेषों के बीच सीधे बुवाई की जा सकती है। वहीं, बेलर जैसी मशीनें पराली जलाने की जरूरत कम करने में मदद कर सकती हैं।
इसके अलावा सेंसर और AI से जुड़ी सिंचाई तकनीक पानी की बचत में उपयोगी साबित हो सकती है।
किसानों तक सस्ती तकनीक पहुंचाना जरूरी
नाकरा ने कहा कि नई मशीनें और तकनीक तभी सफल होंगी, जब किसान उन्हें आसानी से खरीद और इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके लिए कंपनियों को किफायती तकनीक के साथ फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने सरकार, कंपनियों, स्टार्टअप और कृषि संस्थानों को मिलकर काम करने की जरूरत बताई।
नाकरा के मुताबिक, इन सभी प्रयासों का असली मकसद किसानों की उत्पादकता, कमाई और जीवन स्तर बेहतर बनाना होना चाहिए।

