
हूती हमलों के बीच IndiGo का फैसला, सऊदी अरब के 4 शहरों के लिए उड़ानें रद्द, जानें कब तक रहेगी रोक
सऊदी अरब में बढ़ते तनाव के बीच इंडिगो ने यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने कई प्रमुख शहरों की उड़ानें रद्द करते हुए नई एडवाइजरी जारी की है। इस फैसले से हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। जानिए किन उड़ानों पर रोक लगी है और कब तक।

In Short
- हूती हमलों के बीच बढ़ते तनाव के चलते इंडिगो ने सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें रद्द कीं।
- रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक, जबकि जेद्दा, दम्मम और मदीना की उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
- सऊदी अरब में फंसे 10 हजार से ज्यादा उमरा जायरीन भारत लौटे, भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर।
सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर बढ़ते तनाव के बीच भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं। अलग-अलग शहरों के लिए उड़ानों पर 27 और 31 अक्टूबर 2026 तक रोक लगाई गई है। कंपनी ने यात्रियों को सफर से पहले फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
सऊदी अरब के 4 शहरों के लिए उड़ानें रद्द
हूतियों और सऊदी अरब के बीच जारी तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। सुरक्षा के बदलते हालात को देखते हुए इंडिगो ने सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है।
एयरलाइन की एडवाइजरी के मुताबिक, रियाद आने-जाने वाली सभी इंडिगो उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी। वहीं, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक कैंसिल की गई हैं।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इंडिगो ने क्या कहा?
इंडिगो ने अपनी एडवाइजरी में बताया कि सुरक्षा की बदलती स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है।
एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और भलाई उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कंपनी लगातार हालात पर नजर रख रही है और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
इंडिगो ने यह भी बताया कि प्रभावित यात्रियों को उनकी बुकिंग से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
सफर से पहले जरूर चेक करें फ्लाइट स्टेटस
इंडिगो ने सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।
कंपनी ने उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी और अनिश्चितता के लिए खेद जताया है। साथ ही यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

सऊदी अरब में फंसे भारतीयों की हो रही वापसी
इस बीच सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमरा जायरीन को सुरक्षित वापस लाने का काम भी जारी है।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि अब तक 10 हजार से ज्यादा उमरा जायरीन भारत लौट चुके हैं। बाकी बचे यात्रियों की भी मदद की जा रही है।
उन्होंने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में 24 घंटे कंट्रोल रूम काम कर रहे हैं।
मदद के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब में मौजूद भारतीयों की सहायता के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं।
भारतीय दूतावास, रियाद
-
फोन: +966-554412016, +966-542126784
-
टोल-फ्री: 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर)
-
WhatsApp: +966-536216082 (केवल मैसेज)
भारतीय वाणिज्य दूतावास, जेद्दा
-
फोन: +966-12-2614093, +966-556122301
-
WhatsApp: +966-536209704 (केवल मैसेज)
सऊदी अरब में फंसे भारतीय जरूरत पड़ने पर इन नंबरों के जरिए सहायता मांग सकते हैं।

