
रियल एस्टेट सेक्टर में बढ़ी उम्मीदें, उत्तर और पश्चिम भारत को पीछे छोड़ इस क्षेत्र ने मारी बाजी
देश के रियल एस्टेट सेक्टर को लेकर एक बार फिर उम्मीदें बढ़ने लगी हैं। घरों की बिक्री, प्रॉपर्टी की कीमतों और ऑफिस स्पेस की मांग में बदलाव देखने को मिल रहा है। एक नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अगले छह महीने में किस क्षेत्र में तेजी की सबसे ज्यादा उम्मीद है।

In Short
- पूर्वी भारत का फ्यूचर सेंटिमेंट स्कोर सबसे ज्यादा 60 रहा।
- दिल्ली-NCR में घरों की बिक्री 11 फीसदी घटी, कई शहरों में बढ़ीं कीमतें।
- मुंबई और पुणे में ऑफिस स्पेस के लेनदेन में क्रमशः 33 और 18 फीसदी की बढ़ोतरी।
देश के रियल एस्टेट सेक्टर में एक बार फिर सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। घरों की मांग, इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और ऑफिस स्पेस की बढ़ती जरूरत के बीच प्रॉपर्टी मार्केट को लेकर भरोसा बढ़ा है। हालांकि, देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रॉपर्टी की मांग और कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है। ऐसे में एक नई रिपोर्ट से पता चला है कि अगले छह महीने में किस क्षेत्र के रियल एस्टेट मार्केट से सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं।
पूर्वी भारत ने मारी बाजी
नाइट फ्रैंक-नारेडको रियल एस्टेट सेंटिमेंट इंडेक्स की जुलाई-सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी भारत का फ्यूचर सेंटिमेंट स्कोर सबसे ज्यादा 60 रहा है। इसके बाद उत्तर भारत का स्कोर 59 रहा, जबकि दक्षिण और पश्चिम भारत का स्कोर 56-56 रहा। चारों क्षेत्रों का स्कोर 50 के न्यूट्रल स्तर से ऊपर है, जो आने वाले समय में मार्केट की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद दिखाता है।
पूर्वी भारत में क्यों बढ़ रहा भरोसा?
तीर्थ रियल्टीज के मैनेजिंग डायरेक्टर विजय रौंडल ने बिजनेस टुडे को बताया कि बेहतर होते इंफ्रास्ट्रक्चर, किफायती घरों और विस्तार की संभावनाओं के चलते पूर्वी भारत में भरोसा बढ़ा है। उत्तर भारत में खुद के इस्तेमाल के लिए घर खरीदने वालों की मांग मजबूत है। वहीं, दक्षिण और पश्चिम के स्थापित मार्केट में थोड़ा सतर्क रुख है। हालांकि, वास्तविक ग्रोथ इस बात पर निर्भर करेगी कि स्थानीय स्तर पर प्रोजेक्ट्स कितनी अच्छी तरह पूरे होते हैं।
उत्तर भारत में खरीदार हुए ज्यादा सतर्क
उत्तर भारत का सेंटिमेंट स्कोर 52 से बढ़कर 59 हो गया है। हालांकि, 2026 के शुरुआती नौ महीनों में दिल्ली-NCR में घरों की बिक्री सालाना आधार पर 11 फीसदी घटी है। इसके बावजूद फरीदाबाद, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी की कीमतों में दो अंकों की बढ़ोतरी हुई है। खरीदार अब कीमत, घर के आकार और लोकेशन को लेकर ज्यादा सोच-समझकर फैसला ले रहे हैं।

गुरुग्राम में लग्जरी घरों की बढ़ रही मांग
डालकोर के मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ चौधरी के मुताबिक, बेहतर कनेक्टिविटी, अच्छी लोकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत कॉरपोरेट नेटवर्क गुरुग्राम में लग्जरी घरों की मांग को बढ़ावा दे रहे हैं। ब्रांडेड घरों में भी दिलचस्पी बढ़ रही है। खरीदार अब भरोसेमंद ब्रांड, बेहतर डिजाइन और अच्छी कंस्ट्रक्शन क्वालिटी चाहते हैं। डालकोर भी प्राइम लोकेशन और बेहतर लिविंग एक्सपीरियंस पर फोकस कर रही है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी सुधरा माहौल
दक्षिण भारत का स्कोर 47 से बढ़कर 56 और पश्चिम भारत का स्कोर 50 से बढ़कर 56 हो गया है। पूर्वी और दक्षिण भारत के स्कोर में पिछली तिमाही के मुकाबले सबसे ज्यादा 9-9 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। साल 2026 के शुरुआती नौ महीनों में बेंगलुरु और कोलकाता में घरों की बिक्री सालाना आधार पर क्रमशः 5 और 4 फीसदी बढ़ी है। वहीं, मुंबई और पुणे में ऑफिस स्पेस के लेनदेन में क्रमशः 33 और 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
निवेश करने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
प्रॉपर्टीड्रोन रियल्टी के को-फाउंडर और CEO निखिल मावले के मुताबिक, सभी क्षेत्रों के स्कोर में मामूली अंतर ज्यादा महत्वपूर्ण है। निवेशकों को सिर्फ सकारात्मक सेंटिमेंट देखकर फैसला नहीं लेना चाहिए। प्रॉपर्टी की कीमत, स्थानीय मांग और समय पर प्रोजेक्ट की डिलीवरी ही वास्तविक ग्रोथ तय करेगी।


