UPSC या IIT नहीं, इन प्रोफेशन में मिलती है सबसे ज्यादा सैलरी! चौंका देगी सालाना कमाई
दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई वाली नौकरियों में अब सिर्फ IT या सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग ही नहीं, बल्कि मेडिकल स्पेशलिस्ट, CEO, इन्वेस्टमेंट बैंकर और AI एक्सपर्ट्स भी शामिल हैं। विदेशों में इन प्रोफेशन में सालाना कमाई करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है। जानें किन करियर में सबसे ज्यादा पैसा है।

In Short
- दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई वाले प्रोफेशन में मेडिकल स्पेशलिस्ट CEO इन्वेस्टमेंट बैंकर और AI एक्सपर्ट्स आगे हैं।
- विदेशों में न्यूरोसर्जन और कार्डियक सर्जन जैसे डॉक्टर सालाना करीब 2.5 करोड़ से 6.8 करोड़ रुपये तक कमा सकते हैं।
- भारत में AI/ML इंजीनियर और सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को 50 लाख से 1 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा तक पैकेज मिल सकता है।
Highest Salary Jobs: जब करियर में सबसे ज्यादा कमाई की बात होती है, तो अक्सर लोगों के दिमाग में UPSC, IIT या विदेश में सॉफ्टवेयर इंजीनियर जैसी नौकरियां आती हैं। लेकिन दुनिया में कुछ ऐसे प्रोफेशन भी हैं, जहां सालाना कमाई करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है। इनमें डॉक्टर, बड़े कॉर्पोरेट अधिकारी और AI एक्सपर्ट्स सबसे आगे माने जाते हैं।
हालांकि, इन नौकरियों में सैलरी देश, अनुभव, कंपनी और पद के हिसाब से काफी बदल सकती है। सबसे पहले बात उन मेडिकल स्पेशलिस्ट की, जिनकी कमाई और डिमांड दोनों दुनिया के कई देशों में काफी ज्यादा है।
मेडिकल स्पेशलिस्ट की सबसे ज्यादा डिमांड
दुनिया के कई देशों, खासकर अमेरिका में सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टर सबसे ज्यादा कमाई करने वाले प्रोफेशनल्स में शामिल हैं। इनमें न्यूरोसर्जन, कार्डियक सर्जन और एनेस्थिसियोलॉजिस्ट जैसे डॉक्टर आते हैं।
इन प्रोफेशन में पढ़ाई लंबी होती है और ट्रेनिंग में भी कई साल लगते हैं। इसके अलावा मरीजों की जिंदगी से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी भी इन पर होती है। इसी वजह से इनकी डिमांड और सैलरी दोनों काफी ज्यादा होती है।
विदेशों में ऐसे मेडिकल स्पेशलिस्ट की औसत सालाना कमाई करीब 3 लाख से 8 लाख डॉलर तक हो सकती है। भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 2.5 करोड़ से 6.8 करोड़ रुपये तक बैठती है। कुछ अनुभवी डॉक्टर इससे भी ज्यादा कमा सकते हैं।
CEO और इन्वेस्टमेंट बैंकर्स की मोटी कमाई
बड़ी कंपनियों के CEO और सीनियर इन्वेस्टमेंट बैंकर भी दुनिया के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले प्रोफेशनल्स में शामिल हैं। इनकी कमाई सिर्फ बेस सैलरी तक सीमित नहीं होती।
इनके कुल पैकेज में बोनस, स्टॉक ऑप्शन और कई दूसरे फायदे भी शामिल होते हैं। बड़ी ग्लोबल कंपनियों में इनका कुल पैकेज 2 लाख डॉलर से 8 लाख डॉलर या उससे भी ज्यादा हो सकता है।
AI और मशीन लर्निंग में तेजी से बढ़े मौके
आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग सबसे तेजी से बढ़ते करियर ऑप्शन में शामिल हैं। AI इंजीनियर, AI रिसर्च साइंटिस्ट, मशीन लर्निंग इंजीनियर और AI लीडरशिप रोल्स की मांग लगातार बढ़ रही है।
सीनियर AI प्रोफेशनल्स की कमाई 1.5 लाख से 3 लाख डॉलर या उससे ज्यादा हो सकती है। वहीं चीफ AI ऑफिसर जैसे बड़े पदों पर पैकेज इससे काफी ऊपर जा सकता है।
भारत में कितनी मिलती है सैलरी?
भारत में भी हाई-पेइंग नौकरियों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। AI, हेल्थकेयर और कॉर्पोरेट लीडरशिप में अच्छी सैलरी मिल रही है, लेकिन करोड़ों रुपये के पैकेज अभी सीमित लोगों को ही मिलते हैं।
भारत में AI/ML इंजीनियर का पैकेज आमतौर पर 12 लाख से 35 लाख रुपये सालाना हो सकता है। वहीं सीनियर AI रिसर्च और लीडरशिप रोल्स में यह 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक जा सकता है।
सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टर निजी अस्पतालों और सफल प्रैक्टिस के जरिए 50 लाख से 1 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा कमा सकते हैं।

