Gold-Silver Rate: धनतेरस-दिवाली से पहले सोने-चांदी के भाव में उछाल, खरीदारी से पहले जान लें एक्सपर्ट की राय
धनतेरस और दिवाली से पहले सोने-चांदी की कीमतों में फिर तेजी लौट आई है। हाल की गिरावट के बाद MCX पर सोना ₹1.45 लाख और चांदी ₹1.90 लाख के पार पहुंच गई। एक्सपर्ट ने तेजी की वजह बताते हुए आगे के अहम लेवल और संभावित टारगेट बताए हैं।

धनतेरस और दिवाली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में भारी गिरावट के बाद गोल्ड और सिल्वर की कीमतों ने वापसी की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतें करीब 2% तक चढ़ गए, जबकि घरेलू बाजार में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 1.80% बढ़कर 4,146 डॉलर प्रति औंस हो गई। वहीं, चांदी 1.66% की तेजी के साथ 53 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 1,45,519 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 2,295 रुपये यानी 1.60% की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, चांदी 2,570 रुपये यानी 1.37% चढ़कर 1,90,298 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
सोने और चांदी की कीमतों में तेजी क्यों आई?
Independent Research Analyst अनुज गुप्ता के मुताबिक, सोने और चांदी में एक बार फिर तेजी का रुख बन रहा है और इनके ट्रेंड में बदलाव की संभावना दिखाई दे रही है।
अनुज गुप्ता ने कहा, "सोने और चांदी में सकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है और ट्रेंड में बदलाव की संभावना बन रही है। बॉन्ड यील्ड में गिरावट, डॉलर इंडेक्स का कमजोर होना, रुपये का मजबूत होना और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से सोने और चांदी को सहारा मिल रहा है। अमेरिकी चुनाव नतीजों के बाद बाजार के बदले रुख का असर भी इनकी कीमतों पर दिखाई दे रहा है।"
कमजोर डॉलर और बॉन्ड यील्ड में गिरावट से सोने और चांदी में निवेश का आकर्षण बढ़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी बाजार का माहौल बेहतर हुआ है।
सोने और चांदी का आगे का भाव: किन स्तरों पर रखें नजर?
एक्सपर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 4,070 डॉलर का स्तर अहम सपोर्ट है, जबकि 4,170 डॉलर पर रेजिस्टेंस है। MCX पर सोने को 1,42,500 रुपये पर सपोर्ट मिल सकता है, जबकि 1,45,000 रुपये पर रेजिस्टेंस है। अगर सोना इस स्तर के ऊपर निकलता है, तो भाव 1,48,000 रुपये तक जा सकते हैं।
चांदी की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 डॉलर अहम सपोर्ट और 55 डॉलर रेजिस्टेंस है। MCX पर चांदी के लिए 1,80,000 रुपये सपोर्ट और 1,92,000 रुपये रेजिस्टेंस है। अगर चांदी 1,92,000 रुपये के ऊपर टिकती है, तो इसका भाव 1,97,000 से 2,00,000 रुपये तक जा सकता है।

